2 News : इन सेलेब्स की राह चलीं अथिया, बेटी की प्राइवेसी के लिए अपील, दिलजीत ने इस स्टार को बताया बड़ा भाई

एक्ट्रेस अथिया शेट्टी और भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल इसी साल माता-पिता बने हैं। उनके घर एक नन्हीं परी आई हैं, जिसका नाम उन्होंने ईवराह रखा है। इसका अर्थ होता है ईश्वर का उपहार। इस बीच अथिया ने अपनी बेटी की प्राइवेसी बनाए रखने के लिए मीडिया और पैपराजी से सम्मानपूर्वक अनुरोध किया है। हाल ही में अथिया ने बेटी के जन्म का जश्न मनाने के लिए मीडिया को खास तोहफे दिए। उन्होंने मीडिया का धन्यवाद किया कि उन्होंने उनका साथ दिया और उनकी बेटी की प्राइवेसी का सम्मान किया। एक्ट्रेस ने मीडिया से आग्रह किया कि उनकी बेटी के बड़ी होने और बाहर की दुनिया में कदम रखने के दौरान उसकी फोटो या वीडियो न लें और न ही शेयर करें।

अथिया ने यह साफ कर दिया है कि वह अपनी बेटी को लाइमलाइट से दूर रखना चाहती हैं। उनका मानना है कि एक बच्चे का चेहरा और उसकी पहचान सार्वजनिक करना सही नहीं है। अथिया और राहुल अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। बेटी की तस्वीरें ऑनलाइन वायरल होने से उनकी सुरक्षा पर भी खतरा हो सकता है। इसलिए उन्होंने इस तरह का अनुरोध किया है। फैंस ईवराह की पहली झलक देखने के लिए बेकरार हैं, लेकिन अथिया ने अभी तक बेटी का चेहरा नहीं दिखाया है। अथिया के इस फैसले को उनके पिता एक्टर सुनील शेट्टी और राहुल का पूरा समर्थन मिला है।

सुनील कई इंटरव्यू में कह चुके हैं कि वे अपनी नातिन की निजता का सम्मान करते हैं और चाहते हैं कि उसे एक सामान्य बचपन मिले। उल्लेखनीय है कि अथिया और राहुल से पहले भी कई सेलेब कपल अपने बच्चे की गोपनीयता मांग चुके हैं। इसकी शुरुआत अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने की थी। दोनों पैपराजी से गुजारिश कर चुके हैं कि वे उनकी बेटी वामिका और बेटे अकाय की फोटो या वीडियो न बनाएं।

दोनों ने अभी तक उनका चेहरा रिवील नहीं किया है। आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने भी इस साल सैफ अली खान पर हमले के बाद बेटी राहा की तस्वीरें सार्वजनिक न करने का अनुरोध किया। हाल ही में पैरेंट्स बने सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी ने भी अपनी बेटी की प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। इसी तरह दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह भी बेटी के लिए ऐसा ही चाहते हैं।
दिलजीत दोसांझ ने रिकॉर्ड किया ऋषभ शेट्टी की मूवी ‘कांतारा चैप्टर 1’ का गाना

पंजाबी सिंगर व एक्टर दिलजीत दोसांझ हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। उन्होंने हाल ही में ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा : चैप्टर 1’ मूवी के लिए अपनी आवाज देकर एक उपलब्धि हासिल की है। दिलजीत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म के लिए गाना रिकॉर्ड करने की म्यूजिकल जर्नी शेयर की। दिलजीत ने इंस्टाग्राम पर जो वीडियो साझा किया है, उसमें उन्हें गाना रिकॉर्ड करते हुए देखा जा सकता है। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “बड़े भाई ऋषभ शेट्टी को सलाम…जिन्होंने ‘कांतारा’ जैसा मास्टरपीस बनाया।

इस फिल्म से मेरा व्यक्तिगत संबंध है जिसे मैं बता नहीं सकता…लेकिन मुझे याद है जब मैं थिएटर में इसे देख रहा था…अंत में जब गाना ‘वराहा रूपम’ बजा तो मैं खुशी से रो पड़ा…अब ‘कांतारा चैप्टर 1’ 2 अक्टूबर को आ रही है। थिएटर में इसे देखने का इंतजार नहीं कर सकता सर आपका बहुत धन्यवाद…मैंने आपसे कल बहुत कुछ सीखा।”

उल्लेखनीय है कि ‘कांतारा चैप्टर 1’ इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्म और सबसे बड़ी पैन-इंडिया रिलीज है। फिल्म की झलक और पोस्टर पहले ही जारी हो चुके हैं। होम्बले फिल्म्स इसे बहुत ही खास बनाने जा रही है। यह कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी में रिलीज होगी।