असम की मशहूर सिंगर गायत्री हजारिका का 44 साल की उम्र में कैंसर से निधन, अस्पताल ने की पुष्टि

संगीत जगत एक बार फिर शोक की लहर में डूब गया है। हाल ही में असम की जानी-मानी सिंगर गायत्री हजारिका के निधन की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि उनका निधन कोलन कैंसर के कारण हुआ। 44 वर्षीय गायत्री ने 16 मई की दोपहर इस दुनिया को अलविदा कह दिया। इस दुखद खबर ने उनके प्रशंसकों को गहरी निराशा में डाल दिया है।

गायत्री हजारिका ने कई मशहूर गाने गाए हैं, जिनमें ज़ोरा पाटे पाटे फागुन नामे और रति रति मोर ज़ून जैसे गीत बेहद लोकप्रिय हैं। वह पिछले लंबे समय से कोलन कैंसर से लड़ रही थीं और इलाज के दौरान गुवाहाटी स्थित नेमकेयर अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। असम में जन्मी और पली-बढ़ी गायत्री हजारिका की गायिकी में पारंपरिक झलक झलकती थी, जिससे लोग उन्हें बेहद पसंद करते थे। वह एक प्रभावशाली लीड सिंगर और बेहतरीन लाइव परफॉर्मर थीं।
सोशल मीडिया पर दी जा रही श्रद्धांजलि

गायत्री के निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। हालांकि बहुत कम लोगों को उनकी बीमारी के बारे में पता था, जिस कारण यह खबर कई लोगों के लिए एक बड़ा झटका बनकर आई है। गायत्री की मृत्यु की पुष्टि नेमकेयर अस्पताल द्वारा की गई है। गायत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर 2000 से ज्यादा फॉलोअर्स थे, जो उनकी गायिकी से जुड़े रहना पसंद करते थे।

याद की जा रही उनकी संघर्षपूर्ण यात्रा

सोशल मीडिया पर सिंगर के प्रशंसक उनकी संघर्षपूर्ण जर्नी को भी याद कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि गायत्री बेहद प्रतिभाशाली थीं, जिन्होंने कठिन हालातों में भी साहस नहीं छोड़ा और अंत तक इस घातक बीमारी से लड़ती रहीं। उनके कई गाने आज भी विंक म्यूजिक और गाना जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं और श्रोताओं को उनके सुरों की याद दिलाते रहेंगे।