2 News : आर्यन की वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का ट्रेलर रिलीज, काजोल ने आशा भोसले को ऐसे किया बर्थडे विश

सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की डेब्यू सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' लंबे समय से चर्चाओं में है। इसे लेकर फैंस बेकरार हैं। इस बीच आज सोमवार (8 सितंबर) को सीरीज का ट्रेलर रिलीज हो गया। इसमें शाहरुख और आमिर खान एक साथ पर्दे पर नजर आएंगे। साथ ही रणवीर सिंह, सारा अली खान, एसएस राजामौली, बादशाह, दिशा पटानी जैसे कई सितारों का भी कैमियो रोल है। ट्रेलर की शुरुआत होती है आसमान सिंह (लक्ष्य लालवानी) से, जो बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बनाने का सपना देखता है। इस सफर में उसके सबसे करीबी दोस्त परवेज (राघव जुयाल) उनका हर मुश्किल घड़ी में साथ निभाते हैं।

आसमान के चाचा को उस पर पूरा यकीन होता है कि वो एक दिन अपना सपना जरूर पूरा करेगा। काफी संघर्षों के बाद जब आसमान की एंट्री ग्लैमर की दुनिया में होती है, तो धीरे-धीरे उसे इंडस्ट्री की सच्चाई और अंधेरे पहलुओं का सामना करना पड़ता है। उसे पता चलता है कि स्टारडम की एक कीमत चुकानी पड़ती है। उसकी सबसे बड़ी परीक्षा तब होती है जब अजय की बेटी और नवोदित करिश्मा (सहर बांबा) के साथ काम करने के बाद उसकी मुलाकात सुपरस्टार अजय तलवार (बॉबी देओल) से होती है। इसके बाद सीरीज में कई ट्विस्ट आते हैं। सीरीज के जरिए आर्यन बतौर डायरेक्टर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखने वाले हैं।

इसके सह-निर्माता और लेखक बिलाल सिद्दीकी और मानव चौहान हैं। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित यह शो कथित तौर पर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की उथल-पुथल से जूझते सपने देखने वालों की दुनिया को दिखाएगा। इसमें मोना सिंह, आन्या सिंह, गौतमी कपूर, मनोज पाहवा, विजयंत कोहली और मनीष चौधरी जैसे कलाकार भी हैं। इसके गाने पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। शाहरुख से लेकर फराह खान तक ने इन गानों पर रील भी शेयर की थी। फिल्म के गाने टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किए गए थे।

सीरीज को नेटफ्लिक्स पर 18 सितंबर को रिलीज किया जाएगा। इसके टीजर लॉन्च इवेंट में आर्यन ने अपनी मां गौरी खान को शो को प्रोड्यूस करने के लिए थैंक्स कहा। बॉबी ने भी अपने इंस्टाग्राम पर इसका एक पोस्टर शेयर किया था। इसके प्रीव्यू को देखने के बाद एक्टर सनी देओल ने भी आर्यन के काम की तारीफ करते हुए कहा था कि शाहरुख को अपने बेटे पर नाज होगा।
दिग्गज गायिका आशा भोसले हुईं 92 साल की, काजोल ने फोटो शेयर कर लिखा…

हिंदी सिनेमा की महान गायिका आशा भोसले आज सोमवार (8 सितंबर) को अपना 92वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उन्हें फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से खूब बधाइयां मिल रही हैं। एक्ट्रेस काजोल ने उन्हें खास अंदाज में बधाई दी। काजोल ने इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया। काजोल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक थ्रोबैक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उनके साथ आशा और अभिनेता सैफ अली खान नजर आ रहे हैं। तीनों मुस्कराते हुए दिख रहे हैं।

काजोल ने कैप्शन में लिखा, “2014 की उस रात को याद करें, जब हमने 'एचएन' रिलायंस हॉस्पिटल के उद्घाटन में हिस्सा लिया था और सोचिए, आज 92 साल की उम्र में भी कौन उतना ही शानदार दिखता है, गायन में एक्टिव है, साथ ही परफॉर्म भी करता है? ये मैं और सैफ अली खान तो बिल्कुल नहीं हैं, बल्कि लीजेंड आशा भोसले हैं। इस जबरदस्त लीजेंड को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं! लव यू आशा ताई।” बता दें आशा ने काजोल के भी कई हिट और लोकप्रिय गानों को अपनी मधुर आवाज से सजाया है।

आशा की बात करें तो उनका जन्म 8 सितंबर 1933 को सांगली (महाराष्ट्र) में हुआ था। उन्होंने 20 से ज्यादा भाषाओं में गाने गाकर रिकॉर्ड बनाया। उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। आशा ने करीब 12000 गाने रिकॉर्ड किए हैं। उन्होंने करियर की शुरुआत बड़ी बहन दिवंगत लता मंगेशकर के साथ परिवार की आर्थिक मदद के लिए की थी। आशा को कई अवार्ड मिले हैं।