अनुष्का के अंदाज पर फिदा हुए कोहली, कविता ने इसलिए लिया प्रियंका का नाम, खुद की बारात में नाचे विशाल

एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने इन दिनों भले ही फिल्मों से दूरी बनाई हुई है, पर वे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिचव रहती हैं। वे अपने चाहने वालों के लिए डेली रूटीन की फोटो शेयर करती रहती हैं। अब उन्होंने अपनी गॉर्जियस फोटो शेयर की है। अनुष्का ने ग्रीन मोनोकनी में फोटो अपलोड किए हैं। उनकी इन फोटो पर पति विराट कोहली ने खास रिएक्शन दिया है। पूल साइड पोज देती अनुष्का की इन फोटो पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कोहली ने स्माइलिंग इमोजी डाली है।

इससे जाहिर हो रहा है कि अनुष्का को देख कोहली का दिल बाग-बाग हो गया। फोटो में अनुष्का के आस-पास का माहौल भी हरी-भरी प्रकृति का संकेत है। अनुष्का ने भी कैप्शन में पौधे की इमोजी डाली है। पहली फोटो में अनुष्का खिलखिलाकर हंस रही हैं। दूसरी में उनकी शानदार मुस्कान देखी जा सकती है। अनुष्का ने इससे पहले एक मैगजीन शूट के लिए फोटो शेयर किए थे। अनुष्का की पिछली फिल्म 2018 में आई जीरो थी।


कविता ने पूछा, प्रियंका को पद्मश्री क्यों नहीं मिला

टीवी एक्ट्रेस कविता कौशिक ने कंगना रनौत के पद्मश्री सम्मान पर कटाक्ष किया और सवाल किया कि प्रियंका चोपड़ा को यह कभी क्यों नहीं मिला। कविता ने ट्विटर पर लिखा, 'प्रियंका को पद्मश्री क्यों नहीं मिला? शानदार एक्ट्रेस, बेहतरीन इंसान, विश्व स्तर पर एक बड़ी सफलता और भारतीय संस्कृति को हमेशा ऊपर रखती हैं और हां कभी किसी वरिष्ठ या समकालीन कलाकार या किसी का अपमान नहीं किया! वे कमाल की हैं!! आपको बता दें कि प्रियंका को 2016 में पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। इस बारे में जानकारी नहीं होने पर सोशल मीडिया पर कविता को कई यूजर्स ने खूब ट्रोल किया।

उल्लेखनीय है कि हाल ही कंगना ने कहा था कि भारत को 2014 में आजादी मिली जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आई और 1947 में देश की आजादी ‘भीख’ थी। इस बयान के बाद कंगना को राजनीतिज्ञों के साथ और कई हस्तियों ने निशाना बनाया। राखी सावंत ने कंगना का वीडियो डब करके उसमें कुत्ते के भौंकने का ऑडियो लगाकर शेयर किया है। कंगना अक्सर विवादास्पद बयानों के लिए चर्चा में रही हैं।


गोवा में टीवी एक्टर विशाल ने की दिपाक्षी के साथ शादी

टीवी एक्टर विशाल वशिष्ठ ने 14 नवंबर को गोवा में लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड दिपाक्षी संग शादी कर ली है। 'इश्क में मरजावां 2' फेम विशाल की शादी की फोटो और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। विशाल अपनी डेस्टिनेशन वेडिंग में जमकर धमाल मचाते नजर आए। इतना ही नहीं उन्होंने बारात में जमकर डांस किया। उन्हें ऐसा करते देखकर उनके दोस्त अपनी हंसी नहीं रोक पाए। शादी से ठीक पहले विशाल ने दोस्तों को बैचलर पार्टी भी दी थी। शादी में दुल्हनिया दिपाक्षी लाल जोड़े में कमाल लग रही हैं। दिपाक्षी ने शानदार गोल्ड ज्वैलरी भी कैरी की है। विशाल ने व्हाइट गोल्डन शेरवानी पहनी थी। इस शेरवानी के साथ विशाल ने लाल रंग की पगड़ी पहनी है। दिपाक्षी और विशाल ने राजस्थानी रीति रिवाजों के साथ शादी की।