अपनी फिल्म निर्माण शैली के लिए हिन्दी सिनेमा के ख्यातनाम निर्माता निर्देशक अनुराग कश्यप इन दिनों अपने अभिनय कौशल को संवारने में व्यस्त हैं। हिन्दी फिल्मों व वेब सीरीज में नजर आ चुके अनुराग कश्यम इन दिनों पैन इंडिया एक्शन ड्रामा डकैत को लेकर खासी चर्चाओं में हैं। अदिवी शेष अभिनीत इस फिल्म में अनुराग कश्यप एक पुलिस वाले की भूमिका में नजर आएंगे। ऐसा नहीं है कि उन्होंने इससे पहले इस किरदार को नहीं निभाया है। इससे पहले वे निर्देशक ए।आर। मुरुगादास की सोनाक्षी सिन्हा अभिनीत अकीरा में भ्रष्ट पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आ चुके हैं।
अदिवी शेष स्टारर पैन इंडिया एक्शन ड्रामा 'डकैत' एक रोमांचक सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है। फिल्म की फीमेल लीड मृणाल ठाकुर हैं। निर्माताओं ने अब कलाकारों में एक और प्रमुख नाम का खुलासा किया है। फिल्म निर्देशक और अभिनेता अनुराग कश्यप फिल्म में एक प्रभावशाली रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म में कश्यप एक निडर इंस्पेक्टर की भूमिका निभाएंगे, जो एक कट्टर अयप्पा भक्त है, जो भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टोलेरेंस रखता है। उनका कैरेक्टर तेज दिमाग और मजाकिया है। यह कैरेक्टर एक्शन, इमोशन और ड्रामा से भरी एक मनोरंजक कहानी में नए आयामों को जोड़ता है।
फिल्म के प्रति दर्शकों के मन में रोमांच को बढाते हुए, टीम ने एक आकर्षक नया पोस्टर भी जारी किया है, जो फिल्म की दमदार, एक्शन से भरपूर कहानी को और भी इंटेंस बनाता है। डकैत एक ऐसे गुस्सैल अपराधी की यात्रा है, जो अपनी पूर्व प्रेमिका से बदला लेना चाहता है, जिसने उसे धोखा दिया था। वह उसे फंसाने के लिए एक खतरनाक योजना बनाता है और इस तरह यह कहानी प्यार, विश्वासघात और प्रतिशोध की भावनात्मक गाथा में बदल जाती है।
फिल्म से जुड़ कर अनुराग कश्यप काफी रोमांचित हैं। उन्होंने कहा, 'एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाना, जो अयप्पा का भक्त है, मजेदार और चुनौतीपूर्ण है। कर्तव्य बनाम धर्म की पहेली और ड्राई ह्यूमर के साथ अपना काम करना शानदार है, मैं वास्तव में दो भाषाओं में इस किरदार को निभाने को ले कर उत्सुक हूं, मैं हिंदी के साथ-साथ तेलुगू में भी शूटिंग करूंगा। दोनों भाषाओं में एक जैसा प्रभाव ला पाना चुनौतीपूर्ण होता है, जिसे मैं पूरी तरह से एन्जॉय कर रहा हूं'।
शैनिल देव के डायरेक्शन में बनी इस महत्वाकांक्षी फिल्म को सुप्रिया यारलागड्डा प्रोड्यूस किया है। सुनील नारंग इसके को-प्रोड्यूसर हैं। अन्नपूर्णा स्टूडियो इस फिल्म को पेश कर रहे हैं। फिल्म को हिंदी और तेलुगू में एक साथ शूट किया जा रहा है। इसकी कहानी और पटकथा अदिवी शेष और शैनिल देव ने मिलकर तैयार की है। फिलहाल फिल्म की शूटिंग हैदराबाद में चल रही है। इसके बाद महाराष्ट्र में भी शूटिंग का एक व्यस्त शेड्यूल है।