मैं हमेशा नियमों का पालन करता हूं मेरे साथ ऐसा क्यों... X अकाउंट लॉक होने पर अनुपम खेर ने एलन मस्क से पूछा सवाल

बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर को उस समय झटका लगा जब उनका X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट अचानक लॉक कर दिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि वह हमेशा प्लेटफॉर्म के नियमों का पालन करते हैं। हालांकि, जब उनका अकाउंट बहाल हुआ, तो उन्होंने एक्स के मालिक एलन मस्क को संबोधित करते हुए सवाल किया कि आखिर उनका अकाउंट क्यों लॉक किया गया था।

एलन मस्क को लिखा खुला पत्र

69 वर्षीय अभिनेता अनुपम खेर ने अपने एक्स अकाउंट लॉक होने का एक स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें लिखा था—
आपका अकाउंट लॉक कर दिया गया है क्योंकि X को आपके अकाउंट पर पोस्ट किए गए कंटेंट के लिए डिजिटल मिलेनियम कॉपीराइट एक्ट (DMCA) नोटिस मिला है।

इसके साथ यह भी स्पष्ट किया गया कि DMCA के तहत कॉपीराइट ओनर X को सूचित कर सकते हैं कि किसी यूजर ने उनके अधिकारों का उल्लंघन किया है।

खेर बोले- मैं हमेशा नियमों का पालन करता हूं

पोस्ट शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा— डियर X! भले ही मेरा अकाउंट बहाल कर दिया गया हो, लेकिन इसे लॉक देखकर मैं बेहद हैरान था। मैं सितंबर 2007 से इस प्लेटफॉर्म का हिस्सा हूं और हमेशा X (ट्विटर) व सोशल मीडिया कॉपीराइट नियमों का पालन करता हूं। ऐसे में यह जानना दिलचस्प होगा कि मेरी किस पोस्ट ने नियमों का उल्लंघन किया? धन्यवाद! @ElonMusk.

वर्कफ्रंट पर अनुपम खेर

अगर बात करें खेर के वर्कफ्रंट की, तो वह हाल ही में कंगना रनौत की फिल्म 'इमरजेंसी' में नजर आए थे। इसके अलावा, उन्होंने हाल ही में अपनी 544वीं फिल्म की घोषणा की है, जिसमें वह बाहुबली स्टार प्रभास के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।

अनुपम खेर ने इस प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए अपनी उत्सुकता जाहिर की। उन्होंने प्रभास के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा— अनाउंसमेंट: यह बताते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है कि मेरी 544वीं फिल्म भारतीय सिनेमा के बाहुबली के साथ होगी।

इस फिल्म का निर्देशन हनु राघवपुडी करेंगे और इसे 'पुष्पा 2' के मेकर्स मैत्री मूवीज प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं किया गया है।