मुंबई। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक बार फिर 'मेरे महबूब कयामत होगी' वाला रील ट्रेंड छाया हुआ है। इस ट्रेंड की शुरुआत कोरोना महामारी के दौरान मिस्टर फैजू उर्फ फैजल शेख की एक रील से हुई थी, जिसने देखते ही देखते इंटरनेट पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर ली थी। उस समय हजारों लोगों ने इसी गाने पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। हाल ही में यह ट्रेंड फिर सुर्खियों में आया, जब कुछ इंफ्लुएंसर्स ने इसे दोबारा क्रिएट किया। अब इस वायरल ट्रेंड में बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर भी शामिल हो गए हैं।
बोमन ईरानी और रणवीर शौरी के साथ बनाया मजेदार वीडियोअनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मनोरंजक रील साझा की है, जिसमें उनके साथ 'खोसला का घोसला 2' के सह-कलाकार बोमन ईरानी, प्रवीण डबास और रणवीर शौरी भी नजर आ रहे हैं। चारों कलाकारों ने 'मेरे महबूब कयामत होगी' गाने पर उसी अंदाज में अभिनय किया है, जैसा कभी मिस्टर फैजू और उनके दोस्तों ने अपनी वायरल रील में किया था।
वीडियो शेयर होते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कुछ ही घंटों में इसे लाखों लोगों ने देख लिया और यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में जमकर प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। चारों कलाकारों की कॉमिक टाइमिंग और अंदाज को लोगों ने खूब पसंद किया।
सोशल मीडिया पर आई मजेदार प्रतिक्रियाएंइस वीडियो को अभिनेता रणवीर शौरी ने भी एक्स (पूर्व ट्विटर) पर रीपोस्ट किया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा, हमें 100 मिलियन प्लस व्यूज दिलाने के लिए अनुपम खेर आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
वहीं लेखिका और फिल्ममेकर ताहिरा कश्यप ने हंसने वाली इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस रील को अब तक का सबसे मजेदार वर्जन बताया। एक यूजर ने लिखा, ये ट्रेंड अब अपने असली विनर्स तक पहुंच गया है। वहीं दूसरे ने इसे सबसे कूल रील करार दिया।
एक अन्य यूजर ने लिखा कि वह इस वीडियो को कई बार देख चुके हैं और हर बार उन्हें उतनी ही हंसी आती है। वहीं एक मजेदार कमेंट में किसी ने लिखा, कोई भी सिंक में नहीं है, लेकिन यही इसकी सबसे बड़ी खूबी है। इंस्टाग्राम पर इस रील को अब तक 6.3 मिलियन से अधिक व्यूज मिल चुके हैं और इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे अनुपम खेरवर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर आने वाले समय में 'खोसला का घोसला 2' में दिखाई देंगे। इसके अलावा वह फिल्म 'श्री रामभूमि' का भी हिस्सा हैं, जिसमें वह विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं।
हाल ही में अभिनेता ने इस फिल्म से अपना फर्स्ट लुक सोशल मीडिया पर साझा किया था। पोस्ट में उन्होंने इस किरदार को अपने करियर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक बताया था। अनुपम खेर ने लिखा कि अशोक सिंघल श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरों में रहे और उन्होंने पूरे समर्पण तथा दृढ़ संकल्प के साथ इस अभियान में अपनी भूमिका निभाई। उनके अनुसार इस ऐतिहासिक व्यक्तित्व को पर्दे पर निभाना उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है।