डायरेक्टर और प्रोड्यूसर विवेक अग्निहोत्री की आगामी फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ इन दिनों खूब सुर्खियों में है। फिल्म में अनुभवी अभिनेता अनुपम खेर अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। 15 अगस्त के अवसर पर अनुपम खेर ने फिल्म से अपना पहला लुक शेयर किया, जिसे फैंस ने बेहद पसंद किया। उनके फर्स्ट लुक को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
अनुपम खेर के किरदार की खासियत
फिल्म में अनुपम खेर महात्मा गांधी का रोल अदा कर रहे हैं। लुक शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “कुछ किरदार आपकी सोच और आदतें बदल देते हैं। गांधीजी का किरदार उनमें से एक है जिसे मैं निभा रहा हूं। यह मेरा पहला लुक है, जो मैंने विवेक अग्निहोत्री की ‘द बंगाल फाइल्स’ के लिए साझा किया। इसमें किसी प्रकार के प्रोस्थेटिक्स का इस्तेमाल नहीं हुआ है। जय हिंद।”
फोटो के बैकग्राउंड में श्रेय घोषाल का भजन ‘वैष्णव जन’ लगाया गया है, जिसे ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है। इस तस्वीर में अनुपम खेर का लुक बिल्कुल गांधीजी जैसा है, और फैंस उनकी इस भूमिका की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
फिल्म की कहानी और रिलीज़ डेट
‘द कश्मीर फाइल्स’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाने वाले विवेक अग्निहोत्री की यह अगली फिल्म 1946 के कोलकाता दंगों और नोआखाली नरसंहार जैसी ऐतिहासिक घटनाओं को पर्दे पर पेश करेगी। फिल्म को दो पार्ट्स में रिलीज़ किया जाएगा। पहला पार्ट ‘राइट टू लाइफ’ पर आधारित होगा और यह 5 सितंबर 2025 को थिएटर्स में आएगा। दूसरे पार्ट की कहानी और रिलीज़ डेट फिलहाल मेकर्स ने घोषित नहीं की है।