मशहूर फिल्ममेकर बोनी कपूर की बेटी और एक्टर अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ सगाई कर ली है। अंशुला ने सगाई की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। अंशुला ने लव स्टोरी की शुरुआत और रोहन द्वारा किए गए प्रपोज का खुलासा भी किया। अंशुला ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें अपलोड करने के साथ एक लंबी-चौड़ी पोस्ट के साथ फैंस को सगाई की जानकारी दी। अंशुला ने लिखा, “हम एक ऐप पर मिले थे। मंगलवार रात 1:15 बजे बातचीत शुरू हुई और हम सुबह 6 बजे तक बात करते रहे। मुझे तभी लग गया था कि खूबसूरत रिश्ते की शुरुआत हो गई है।
3 साल बाद उसने मुझे मेरे फेवरेट न्यूयॉर्क शहर में सेंट्रल पार्क में कैसल के सामने प्रपोज किया। उसने भारत के समयानुसार ठीक 1:15 बजे प्रपोज किया। उस पल ऐसा लगा जैसे पूरी दुनिया थम गई हो। ये वो प्यार था, जो घर जैसा लगता है। मैं कभी परियों की कहानी में भरोसा नहीं करती थी, लेकिन रोहन ने जो दिया है, वो उससे भी बेहतर था। एकदम रियल और मैंने हां कह दिया। मैं रो रही थी, हंस रही थी और कांप रही थी। कितनी खुशी महसूस हो रही थी, मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। साल 2022 से तुम साथ रहे हो। मैंने अपने बेस्ट फ्रेंड से सगाई कर ली है।”
अर्जुन सगाई से बेहद खुश हैं और उन्होंने बहन पर खूब सारा प्यार लुटाया है। अर्जुन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर सगाई की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “मेरी लाइफ ने उसे हमेशा के लिए पा लिया है। आप दोनों के लिए हमेशा खुशियों की कामना @anshulakapoor @rohanthakkar1511. आज मां की थोड़ी सी याद आई। आप दोनों को प्यार।” अंशुला के पिता बोनी ने भी अपनी खुशी जाहिर करने के साथ आशीर्वाद दिया। उन्होंने लिखा, “भगवान आप दोनों को आशीर्वाद दें, मैं आप लोगों के वापस आने और अपने गृह नगर में मेरे घर पर सगाई का जश्न मनाने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
अंशुला की सौतेली बहन जान्हवी और खुशी कपूर ने भी सगाई पर खुशियां जाहिर की हैं। उल्लेखनीय है कि रोहन और अंशुला साल 2022 से रिलेशनशिप में हैं। साल 2023 में अंशुला ने रिश्ते को सोशल मीडिया के माध्यम से ऑफिशियल किया था, जब उन्होंने रोहन के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की थी। रोहन एक स्क्रिप्ट राइटर हैं और वो फिलहाल करण जौहर की कंपनी धर्मेटिक एंटरटेनमेंट के साथ फ्रीलांस काम कर रहे हैं।
अंशुला खुद को मानती थीं मां-बाप के अलग होने की वजह, कहा-जान्हवी के पैदा होने के बाद लगा…इस बीच अंशुला ने एक इंटरव्यू में बताया कि अपने मां-बाप के अलग होने की वजह वह खुद को मानने लगी थीं। अंशुला ने पिंकविला के साथ बातचीत में कहा कि मैं तब 6 साल की थी मुझे लगा कि मेरे आने से पहले उनकी जिंदगी अच्छी थी। मैं पैदा हुई उसके बाद दोनों अलग होने लगे। मुझे लगा कि शायद मैं अच्छी बेटी नहीं हूं। बाद में ऐसा और भी ज्यादा लगने लगा, मुझे पता है ये सुनने में भयानक लग सकता है-जानू (जान्हवी) के पैदा होने के बाद लगा कि शायद मुझमें ही कोई कमी थी।
मेरे दोनों पेरेंट्स ने मुझे समझाया था कि मैं उन दोनों के अलग होने की वजह नहीं थीं। अब मैं वैसा नहीं मानती लेकिन वो एक बच्चा था जो पता लगाने की कोशिश कर रहा था क्या गड़बड़ हुई है शायद मैं ही गलत हूं। आप नहीं बता सकते कि किसी पर साइकोलजिकली किस बात का असर हो जाए खासतौर पर जब वह छोटा होता है। आप कैसे चीजों को प्रॉसेस करते हैं यह एकदम अलग चीज होती है। मैंने मन में जो सोचा हो सकता है किसी की कोई बात मेरे कानों में पड़ी हो जिसका गलत असर हुआ हो। हो सकता है कि मैंने किसी आंटी या दोस्त की कोई बात सुनी हो।
शायद उनकी बातचीत का कोई शब्द मेरे कानों में गया हो और अपने दिमाग में एक अलग ही कहानी बना ली हो। वो मेरे ट्रॉमा का एक हिस्सा था जिससे मुझे डील करना था। इस चीज को मैंने अपने परिवार, भाई-बहन और मां-बाप से डिसकस किया। बता दें अंशुला की मां और बोनी की पहली पत्नी मोना शौरी इस दुनिया में नहीं हैं। बोनी ने दूसरी शादी दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी के साथ की थी। श्रीदेवी का 54 साल की उम्र में साल 2018 में निधन हो गया।