‘नायक : द रियल हीरो’ मूवी आज रविवार (7 सितंबर) को अपनी रिलीज के 24 साल पूरे कर चुकी है। इस फिल्म में अनिल कपूर, रानी मुखर्जी और अमरीश पुरी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। अनिल ने सोशल मीडिया पर फिल्म से जुड़ी कई तस्वीरें साझा कर इसे याद करने के साथ एक नोट भी लिखा है। अनिल ने इंस्टाग्राम पोस्ट में तस्वीरों के साथ-साथ साल 2001 में हुए ऑडियो लॉन्च इवेंट की झलकियां भी साझा कीं। इवेंट में शाहरुख खान और संगीतकार ए.आर. रहमान भी मौजूद थे। अनिल ने पोस्ट में लिखा, “कुछ किरदार आपको परिभाषित करते हैं और ‘नायक’ उनमें से एक है।
यह फिल्म पहले आमिर और शाहरुख को ऑफर हुई थी, लेकिन मुझे पता था कि मुझे यह किरदार जीना है। निर्देशक शंकर का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझ पर भरोसा किया। मैं हमेशा शाहरुख की उस बात को संजोकर रखूंगा जो उन्होंने मंच से कही थी : ‘ये रोल अनिल के लिए ही बना था।’ ऐसे पल हमेशा के लिए दिल में बस जाते हैं। #24YearsOfNayak अनिल की इस पोस्ट को लेकर आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप, सिद्धांत चतुर्वेदी और सैयामी खेर ने भी अपनी रिएक्शन दी और फायर इमोजी के जरिए फिल्म की यादें ताजा कीं।
गौरतलब है कि ‘नायक’ साल 1999 में आई तमिल फिल्म ‘मुधलवन’ का रीमेक है। फिल्म की कहानी शिवाजी राव (अनिल) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक कैमरामैन और न्यूज प्रजेंटर से आगे बढ़कर एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनता है। इस दौरान वह भ्रष्टाचार, राजनीतिक धांधलियों और जनता की परेशानियों को उजागर करता है। इस फिल्म ने अनिल को एक नया मुकाम दिया।
अनिल की इमेज वर्सेटाइल एक्टर की है और उन्होंने इस किरदार से यह बात साबित कर दिखाई। फैंस को उनका अंदाज बहुत पसंद आया। अनिल के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे आज 68 साल की उम्र में भी जबरदस्त एक्टिव हैं। अनिल पिछले दिनों रिलीज हुई ‘वॉर 2’ का हिस्सा भी थे। इससे पहले उनके सुपरहिट मूवी ‘एनिमल’ और ‘फाइटर’ में भी अहम रोल थे। अनिल अब ‘सूबेदार’ मूवी में नजर आएंगे। अनिल की फिटनेस भी देखते ही बनती है।
धार्मिक यात्रा पर हैं एक्ट्रेस मौनी रॉय, सोशल मीडिया पर शेयर कीं तस्वीरेंएक्ट्रेस मौनी रॉय हमेशा सुर्खियों में रहती हैं चाहे वह प्रोफेशनल लाइफ की बात हो या फिर पर्सनल लाइफ की। खास तौर से मौनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और फैंस को लगातार अपने बारे में अपडेट देती रहती हैं। मौनी इन दिनों काम से दूर धार्मिक यात्रा पर हैं। वह हाल ही में नेपाल पहुंचीं, जहां उन्होंने पशुपतिनाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। मौनी ने इस ट्रिप से कई तस्वीरें शेयर की हैं।
इसमें वह ट्रेडिशनल लुक में दिखीं। ये तस्वीरें तेजी से वायरल भी हो रही हैं। एक्ट्रेस ने मंदिर की कई फोटो साझा की हैं। मौनी येलो कलर के अनारकली सूट में हैं। उन्होंने मांग में सिंदूर, माथे पर तिलक और गले में रुद्राक्ष की माला पहनी हुई है। कुछ फोटो में वह सिर पर दुपट्टा लेकर भगवान पशुपतिनाथ का आशीर्वाद लेते हुई भी दिखाई दीं। मौनी ने कैप्शन में लिखा, “पशुपतिनाथ ना सम्मान का मोह, ना अपमान का भय आभारी और धन्य...” मौनी की इस पोस्ट पर उनके फैंस बेशुमार प्यार लुटा रहे हैं।
इससे पहले मौनी ओणम का त्योहार सेलिब्रेट करती हुई नजर आई थीं। इन तस्वीरों में एक्ट्रेस व्हाइट कलर की साड़ी पहने खूबसूरत लग रही थीं। एक्ट्रेस ने फैंस को ओणम की बधाई भी दी थी। वर्कफ्रंट की बात करें तो मौनी आखिरी बार इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘द भूतनी’ में नजर आई थीं। उनके साथ संजय दत्त, सनी सिंह और पलक तिवारी भी थे।