एक्ट्रेस अनीत पड्डा इस साल आई सुपरहिट मूवी ‘सैयारा’ के बाद जबरदस्त लोकप्रिय हो गई हैं। अनीत को लेकर लगातार कुछ न कुछ खबर सामने आती रहती है। कभी कहा जाता है कि वह ‘सैयारा’ के को-स्टार अहान पांडे को डेट कर रही हैं, तो कभी अनीत की आगामी फिल्म को लेकर अटकलें लगाई जाती हैं। इस बीच अनीत के फैंस के लिए खुशखबरी है। पिछले कुछ वक्त से ‘थामा’ मूवी की सोशल मीडिया पर एक तस्वीर लगातार शेयर की जा रही थी, जिसे लेकर ऐसी खबरें थी कि जंगल के बीचों-बीच तस्वीर में अनीत हैं और वो ही मैडॉक हॉरर यूनिवर्स की ‘शक्ति शालिनी’ मूवी में बतौर लीड एक्ट्रेस नजर आने वाली हैं।
अब अनीत के नाम पर मुहर लग गई है और फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। X (ट्विटर) पर एक वीडियो शेयर किया गया, जो आज मंगलवार (21 अक्टूबर) को सिनेमाघरों में रिलीज हुई आयुष्मान खुराना व रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘थामा’ से सामने आया है। इसमें लिखा है, “द प्रोटेक्टर, द डिस्ट्रॉयर, द मदर ऑफ ऑल…अनीत पड्डा इन ‘शक्ति शालिनी।” फिल्म को अगले साल 24 दिसंबर को रिलीज किया जाएगा। इस टीज़र के रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर अनीत को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। ‘सैयारा’ में दर्शकों का ध्यान खींचने वाली अनीत अब एक पावरफुल, लीडिंग किरदार में नजर आएंगी।
अनीत ने फिल्म में कियारा आडवाणी की जगह ली है। पहले कियारा को ही इस रोल के लिए फाइनल किया गया था, पर बाद में पता लगा कि प्रेग्नेंसी के चलते अब वह फिल्म में नहीं होंगी। कियारा ने जुलाई में बेटे को जन्म दिया था। यूं तो पहले ही पता लग गया था कि मैडॉक वालों ने अनीत को फाइनल कर लिया है पर मेकर्स ने कहा था कि अभी कुछ ऐसा नहीं है। ‘थामा’ के साथ उन्होंने सबकुछ क्लियर कर दिया है। ‘स्त्री’, ‘रूही’, ‘भेड़िया’ और ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्में बनाने वाले इस यूनिवर्स से अब अनीत भी जुड़ गई हैं, जिसका श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, अक्षय कुमार और वरुण धवन समेत कई एक्टर्स हिस्सा हैं।
पुलिसकर्मी खतरनाक अपराधों और अपराधियों का शेर की तरह सामना करते हैं : रानी मुखर्जीएक्ट्रेस रानी मुखर्जी करीब 30 साल से अपना जादू चला रही हैं। उन्हें पिछले दिनों साल 2023 में आई ‘मिसेज चटर्जी वर्सेज नॉर्वे’ मूवी के लिए नेशनल फिल्म अवार्ड में बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया था। रानी ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी के लिए भी फेमस हैं। इस बीच रानी ने 'इंडियन पुलिस डे' के मौके पर पुलिस बल के अटूट साहस और अथक समर्पण को सलाम किया। वह बहुत जल्द 'मर्दानी-3' में एक पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के रोल में नजर आएंगी।
रानी ने एक इंटरव्यू में कहा कि अपनी फिल्म 'मर्दानी' के जरिए भारतीय पुलिस बल को सलाम करना मेरे लिए सम्मान की बात है और मैं देशभर में पुलिस की कड़ी मेहनत को सलाम करने के हर संभव अवसर का बेसब्री से इंतजार करती हूं और इसके लिए मैं अधिक से अधिक लोगों के साथ काम करती हूं। हमारे देश के हर कोने में पुलिसकर्मी लोगों की रक्षा करते हैं, अपनी जान जोखिम में डालते हैं, और हमें सुरक्षित रखने के लिए अपना पर्सनल टाइम कुर्बान करते हैं। हमारे देश के पुलिस बल ने हमारे लिए जो काम किया है उसको शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
मैं भारतीय पुलिस बल के अटूट साहस, अथक समर्पण और निस्वार्थ सेवा को सलाम करती हूं, जो भारत के प्रत्येक नागरिक की रक्षा और न्याय सुनिश्चित करते हैं। हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि वर्दी के पीछे एक इंसान छिपा है जिसने अच्छाई करने का रास्ता चुना, निस्वार्थ सेवा का रास्ता चुना और यह तय किया कि देश सर्वोपरि है। हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि वे भी किसी के बेटे, बेटी, पति, पत्नी, पिता और माता हैं।
एक पुलिसकर्मी जो करता है वह अनुकरणीय है। वे बिना किसी निश्चितता के अपने घर छोड़ देते हैं। वे खतरनाक अपराधों और अपराधियों का शेर की तरह सामना करते हैं। बता दें रानी की अपकमिंग मूवी ‘मर्दानी 3’ को अभिराज मीनावाला डायरेक्ट कर रहे हैं और आदित्य चोपड़ा इसके प्रोड्यूसर हैं। फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।