सिनेमाघरों में 18 जुलाई को रिलीज हुई ‘सैयारा’ अभी तक धूम मचा रही है। इसका क्रेज इतना जबरदस्त है कि लोग इसे देखने के लिए उमड़ रहे हैं। फिल्म के डायरेक्टर मोहित सूरी, एक्टर अहान पांडे और एक्ट्रेस अनीत पड्डा की हर ओर तारीफ हो रही है। अनीत की तारीफ में उनके स्कूल ने एक वीडियो बनाया, जिसे देख एक्ट्रेस भावुक हो गईं। अमृतसर स्थित स्प्रिंग डेल सीनियर स्कूल द्वारा बनाए गए वीडियो में अनील के स्कूल के दिनों से लेकर अभी तक का सफर दिखाया गया है। अनीत के शिक्षक और स्कूल स्टाफ उनके छात्र जीवन को याद करते नजर आए। उन्होंने अनीत को एक मेहनती और बहु प्रतिभाशाली छात्रा बताया जो हर एक्टीविटी में भाग लेती थीं।
स्कूल ने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “हमें गर्व है कि हमारी पूर्व छात्रा अनीत पड्डा ने यशराज फिल्म्स की बड़ी रिलीज 'सैयारा' में लीड रोल निभाकर शानदार सफलता हासिल की है। हम उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर दिल से बधाई देते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।” अनीत ने इसके जवाब में अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती कि मुझे ये देखकर कैसा महसूस हुआ। मैं बस मुस्कुराती रही और मेरी आंखों में आंसू थे। डेल्स (स्कूल) वो जगह है जहां मैंने बड़े सपने देखना सीखा, जहां मुझ पर पहले विश्वास किया गया जब मैंने खुद पर यकीन करना भी नहीं सीखा था।
मेरे शिक्षक, मेंटर और वहां के छात्र जिस तरह से यह खूबसूरत वीडियो लेकर आए हैं, वह मेरे लिए बेहद भावुक कर देने वाला है। आज भी जब मैं किसी फिल्म सेट पर होती हूं, तो अपने भीतर वही छोटी लड़की महसूस करती हूं जो कभी यूनिफॉर्म में क्लास में बैठकर ऐसे ही जीवन की कल्पना किया करती थी। मैं चाहती हूं कि आप मुझ पर सिर्फ इस फिल्म के लिए नहीं, बल्कि मेरी सोच और इंसान के तौर पर जो मैं बन रही हूं उसके लिए भी गर्व करें। मैं जल्द ही वापस आकर व्यक्तिगत रूप से आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं।
आपने मुझे सिर्फ शिक्षा ही नहीं दी, बल्कि मेरी पहचान का एक हिस्सा भी दिया जो मैं कभी नहीं भूलूंगी। धन्यवाद मुझे पहचानने के लिए, मेरा साथ देने के लिए और यह याद दिलाने के लिए कि चाहे मैं कितनी भी दूर चली जाऊं, मेरे पास लौटने के लिए एक घर हमेशा रहेगा।” बता दें कि अनीत ने करिअर की शुरुआत विज्ञापनों से की। एक्ट्रेस के तौर पर उनका पहला प्रोजेक्ट वेब सीरीज ‘बिग गर्ल्स डोंट क्राई’ था।
अभिनेता राजेश कुमार ने ‘सैयारा’ में निभाया है अनीत के पिता का रोल, हो गए थे दिवालियाएक्टर राजेश कुमार ने 'सैयारा' से शानदार वापसी की है। वे अनीत के पिता के रोल में हैं और वे एक बार फिर से लाइमलाइट में आ गए हैं। राजेश के लिए फिल्म की सफलता बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों से कहीं आगे है। राजेश ने एक इंटरव्यू में पिछले कुछ सालों में गंभीर आर्थिक तंगी का सामना करने के बारे में खुलकर बात की। एक समय वे 2 करोड़ रुपए के कर्ज में डूबे हुए थे और उनके बैंक खाते में मात्र 2500 रुपए बचे थे। राजेश मुख्य तौर पर कॉमेडी सीरियल ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ के ‘रोसेश’ के रूप में जाने जाते हैं।
राजेश ने कहा कि दिवालियापन...आने-जाने का सारा पैसा बर्बाद हो गया था। कोई आमदनी नहीं थी और मेरे सारे पैसे खत्म हो गए थे। मैं 2 करोड़ रुपए के कर्ज में डूब गया था। दिवालियापन एक बड़ा शब्द है, लेकिन निश्चित रूप से, यह एहसास मुझे लंबे समय तक रहा। मैं गुजारा करने लायक भी पैसे नहीं जुटा पा रहा था। यह वाकई एक बहुत बुरा दौर था। जब मैं यूके में था, तब मेरे बैंक खाते में सिर्फ 2500 रुपए थे। उन 24 दिन की शूटिंग के दौरान मैं दो बार यूके आया-गया, लेकिन अपने बच्चों के लिए दो चॉकलेट भी नहीं ला सका।
बता दें कि राजेश ने साल 2019 में एक्टिंग छोड़कर खेती शुरू कर दी, लेकिन उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राजेश ने कहा कि मैं इस मिथ को तोड़ना चाहता हूं कि खेती सिर्फ वही लोग करते हैं, जिनके पास कोई और विकल्प नहीं होता। आजकल कोई भी बड़ा होकर किसान बनने का सपना नहीं देखता है। मैं इस सोच को बदलना चाहता हूं। हालांकि आर्थिक रूप से मैं बहुत कमजोर हो गया था। लॉकडाउन तक, मेरी सारी जमा-पूंजी खत्म हो चुकी थी और मैं सचमुच दिवालिया हो चुका था। मेरे पास जेब में कुछ भी नहीं था। मेरे ऊपर भारी कर्ज था और इससे दबाव और बढ़ रहा था।