'अंदाज़ अपना अपना' की शूटिंग के दौरान रवीना-करिश्मा के बीच था तनाव, फिल्म पूरी करना था एक चुनौती: आमिर खान

1994 में रिलीज़ हुई राजकुमार संतोषी की ‘अंदाज़ अपना अपना’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ी सफलता नहीं बन पाई थी, लेकिन वर्षों बाद यह एक कल्ट क्लासिक के रूप में मशहूर हो गई। आमिर खान, सलमान खान, रवीना टंडन, करिश्मा कपूर, परेश रावल और शक्ति कपूर स्टारर इस फिल्म को इसके मजेदार डायलॉग्स, शानदार अभिनय और हास्य से भरपूर कहानी के लिए आज भी पसंद किया जाता है।

हाल ही में एक इवेंट के दौरान, आमिर खान ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े अनदेखे किस्सों को साझा किया और बताया कि इसे बनाना कितना चुनौतीपूर्ण था। आमिर ने कहा, हमने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान खूब मजे किए, लेकिन यह एक मुश्किल समय भी था। मैं अकेला ऐसा अभिनेता था जो समय पर सेट पर पहुंचता था। करिश्मा आती थीं तो रवीना चली जाती थीं। बहुत मुश्किल से यह फिल्म पूरी हुई।

उन्होंने आगे खुलासा किया कि रवीना टंडन और करिश्मा कपूर के बीच तनाव के कारण शूटिंग और भी कठिन हो गई थी। मुझे नहीं पता कि यह कहना सही होगा या नहीं, लेकिन रवीना और करिश्मा के बीच अनबन चल रही थी। मैं सोचता था कि यह फिल्म आखिर पूरी कैसे होगी, क्योंकि दोनों एक साथ शूट नहीं करना चाहती थीं।

फिल्म पर था पूरा विश्वास


इन सभी परेशानियों के बावजूद, आमिर खान को फिल्म की सफलता पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, मुझे इस फिल्म पर पूरा यकीन था। यह इतनी मज़ेदार और पागलपन भरी थी कि दर्शकों को जरूर पसंद आएगी। उस समय सलमान और मैं अपने करियर के शिखर पर थे, लेकिन यह फिल्म सिनेमाघरों में एक हफ्ते भी नहीं चली। मुझे बहुत आश्चर्य हुआ क्योंकि मुझे लगा था कि यह एक बेहतरीन फिल्म है।

हालांकि, समय के साथ ‘अंदाज़ अपना अपना’ ने अपनी अलग पहचान बनाई और आज इसे हिंदी सिनेमा की सबसे बेहतरीन कॉमेडी फिल्मों में गिना जाता है। इसके फनी वन-लाइनर्स, आमिर और सलमान की शानदार केमिस्ट्री, परेश रावल के डबल रोल और शक्ति कपूर के क्राइम मास्टर गोगो के किरदार ने इसे हर पीढ़ी के दर्शकों के लिए पसंदीदा फिल्म बना दिया।
आमिर खान की अपकमिंग फिल्म

वर्कफ्रंट की बात करें तो, आमिर खान आखिरी बार करीना कपूर खान के साथ फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ में नजर आए थे। अब वह अपनी अगली फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ जेनेलिया डिसूजा भी अहम भूमिका निभाएंगी।