2 News : ‘भूल भुलैया 4’ में यह एक्ट्रेस बनेंगी ‘मंजुलिका’! ऐसे मिले संकेत, अर्जुन की बर्थडे पार्टी में पहुंचे ये सितारे

एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने गुरुवार (30 अक्टूबर) को 27 साल की हो गईं। इस खास मौके पर कई सेलेब्स ने भी अनन्या को जन्मदिन की ढेरों बधाई दी, लेकिन कार्तिक आर्यन ने बड़े ही मजेदार अंदाज में उनको विश किया, जो उनके फैंस को भी खूब पसंद आ रहा है। कार्तिक ने अपने और अनन्या की आने वाली धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ के सेट से एक फनी बिहाइंड-द-सीन वीडियो शेयर किया। इसमें अनन्या मस्ती भरे अंदाज में कहती हैं कि कार्तिक उनका सॉन्ग काटना चाहते हैं। इस पर कार्तिक हंसते हुए पूछते हैं, “तुम्हारा सॉन्ग? मैं उस गाने में नहीं हूं क्या?”

तो अनन्या तुरंत जवाब देती हैं, “हमारा सॉन्ग!” दोनों की ये नोकझोंक देखकर सेट पर सब हंस पड़ते हैं। वीडियो शेयर करते हुए कार्तिक ने लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो सबसे सेल्फलेस @ananyapanday, क्या शानदार अनाउंसमेंट की है!” वीडियो में अनन्या ‘भूल भुलैया 4’ के बारे में बात करते हुए कहती हैं, ‘‘भूल भुलैया 4 में मैं ही मंजुलिका हूं।” फैंस इस वीडियो पर खूब प्यार लुटा रहे हैं और दोनों की केमिस्ट्री की तारीफ की। कार्तिक की इस पोस्ट पर अनन्या ने बड़े ही मजेदार अंदाज में रिप्लाई भी दिया। उन्होंने लिखा, “तुम्हारा भी तो बर्थडे आने वाला है ना? बस इंतजार करो।” साथ ही उन्होंने लिखा, “A post??? What an honour.”

अनन्या और कार्तिक पूर्व में ‘पति पत्नी और वो’ फिल्म में काम कर चुके हैं। वे अब ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ में साथ नजर आएंगे। इसका डायरेक्शन शशांक खेतान कर रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर कार्तिक के बर्थडे यानी 22 नवंबर को रिलीज किया जाएगा। बहरहाल अनन्या ने अपना जन्मदिन करीबी दोस्तों और परिवार के साथ सेलिब्रेट किया। इस खास मौके की झलक उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की। तस्वीरों और वीडियो में अनन्या अपने कजिन ‘सैयारा’ फेम अहान पांडे, बेस्ट फ्रेंड्स सुहाना खान और शनाया कपूर और मां भावना पांडे के साथ नजर आईं। अनन्या मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने बेहद खूबसूरत दिखीं। अनन्या ने लिखा, “जन्मदिन का मूड है, मेरे पास सबसे प्यारे लोग हैं। आप सबके प्यार और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया।”

कुछ दिनों पहले ही अर्जुन बिजलानी ने जीता था ‘राइज एंड फॉल’ का खिताब

मशहूर एक्टर अर्जुन बिजलानी आज शुक्रवार (31 अक्टूबर) को 43 साल के हो गए हैं। उनकी बर्थ डे पार्टी में टीवी के कई सेलेब्स पहुंचे। वे अर्जुन के करीबी दोस्त हैं। इस सेलिब्रेशन में पैपराजी भी शामिल हुए। अर्जुन ने पत्नी नेहा स्वामी के साथ केक काटा। बाद में कई सेलेब्स पार्टी में शामिल हुए। अर्जुन ने आगे बढ़कर पैपराजी को केक खिलाया। अर्जुन ने अपनी करीबी दोस्तों को पार्टी में बुलाया था। एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश सोशल मीडिया सेंसेशन जन्नत जुबैर के साथ पार्टी में पहुंचीं।

साथ ही ईशा मालवीय भी पार्टी का हिस्सा बनीं। ब्लैक गाउन में वह काफी खूबसूरत नजर आ रही थीं। सना खान भी पार्टी में शामिल हुईं। अर्जुन के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे 'नागिन' जैसा हिट शो कर चुके हैं। अर्जुन कई रियलिटी शो का हिस्सा रहे हैं, एंकरिंग भी करते हैं। हाल ही में अर्जुन ने अशनीर ग्रोवर के रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में हिस्सा लिया था। इसमें कमाल का गेम खेलते हुए वे तमाम सेलेब्स को पछाड़ते हुए विजेता बने।

अर्जुन ने अपने टीवी करिअर की शुरुआत साल 2004 में ‘कार्तिका’ से की थी, जिसके बाद उन्होंने 2005 में ‘लेफ्ट राइट लेफ्ट’ में काम किया। साल 2008 में शो ‘मिले जब हम तुम’ के बाद उनके करिअर को एक नया मोड़ मिल गया। एक्टर ने एक साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम करना शुरू कर दिया और जल्द ही टेलीविजन का एक जाना-माना चेहरा बन गए। उन्होंने 2021 में ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ का खिताब जीता था।