बिग बी समेत अन्य सितारों ने सराहा 'न्यूटन' को

राजकुमार राव तेजी के साथ अपने पीढ़ी के कलाकारों को पीछे छोड़ते जा रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उनकी ‘बरेली की बर्फी’ आई थी, और फिल्म हिट रही थी। इसमें सबसे सशक्त कैरेक्टर राजकुमार राव का ही था और उनकी काफी तारीफ भी हुई थी। आज उनकी ‘न्यूटन’ भी रिलीज हो गई है। ‘न्यूटन’ का नूतन कुमार दिल में उतर जाता है और सिद्ध कर देता है कि राजकुमार एक प्योर एक्टर हैं।

अमिताभ ने शुक्रवार को ट्वीट कर फिल्म की सराहना करते हुए कहा कि 'न्यूटन' वास्तविकता दर्शाती है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "फिल्म 'न्यूटन' देखी। वास्तविकता दर्शाती फिल्म देखने की आवश्यकता है। कई पहलुओं पर आंख खोलने वाली फिल्म है।"

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता राजकुमार राव की 'न्यूटन' की कहानी एक युवा सरकारी क्लर्क के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे माओवादी नियंत्रित शहर में चुनाव ड्यूटी पर भेज दिया जाता है और किस तरह वैचारिक संघर्ष उसे अजीब स्थिति में डाल देता है।

वहीं अमिताभ को प्रतिक्रिया देते हुए राजकुमार ने कहा,"सर आपका बहुत-बहुत शुक्रिया। हम सभी आपके प्यार और समर्थन के आभारी हैं। अद्भुत प्रदर्शन से हमें प्रेरणा देते रहें। चरण स्पर्श।"