मुंबई। फिल्म 'पुष्पा' में अपनी शानदार ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री से दर्शकों का दिल जीतने वाली सुपरहिट जोड़ी अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने की तैयारी में है। खबर है कि निर्देशक एटली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'राका' में रश्मिका मंदाना अहम भूमिका निभाने वाली हैं। फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल जल्द ही मुंबई में शुरू होने जा रहा है, जिसमें अभिनेत्री के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
रश्मिका की एंट्री से इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। अल्लू अर्जुन और रश्मिका की जोड़ी को पहले भी दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया है, ऐसे में दोनों को एक बार फिर साथ देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म से जुड़ी हर नई जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रश्मिका जल्द ही मुंबई पहुंचकर फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग शुरू करेंगी।
क्या शाहरुख खान भी निभाएंगे खास भूमिका?फिल्म को लेकर कई और दिलचस्प चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में रश्मिका मंदाना के अलावा मृणाल ठाकुर और जाह्नवी कपूर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई दे सकती हैं। इसके साथ ही ऐसी अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान फिल्म में एक विशेष कैमियो करते नजर आ सकते हैं।
हालांकि, निर्माता या निर्देशक की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म का टीजर एक वर्चुअल इवेंट के जरिए लॉन्च किया जा सकता है, जिसमें शाहरुख खान के अलावा एटली, अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की मौजूदगी भी देखने को मिल सकती है। हालांकि इन सभी खबरों पर फिलहाल आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।
पोस्टर ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकताअल्लू अर्जुन के 44वें जन्मदिन के अवसर पर मेकर्स ने फिल्म 'राका' का पहला पोस्टर जारी किया था, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा बटोरी। पोस्टर में अल्लू अर्जुन का लुक बेहद अलग और रहस्यमयी अंदाज में नजर आया। उनका चेहरा घने फर के पीछे आंशिक रूप से छिपा हुआ दिखाई देता है, जबकि नुकीले दांत जैसी डिजाइन उनके किरदार को और भी खतरनाक और दमदार लुक देती है। उनकी आंखों की तीव्रता ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी।
पोस्टर साझा करते हुए मेकर्स ने फिल्म के टाइटल की घोषणा भी की और लिखा, Raaka... सीमाओं से परे एक नए विजन के लिए तैयार हो जाइए। निर्देशक एटली पहले भी शाहरुख खान के साथ सुपरहिट फिल्म दे चुके हैं और अब दर्शकों की नजरें इस बड़े प्रोजेक्ट पर टिकी हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर वही जादू दोहरा पाएगी, जिसने पहले दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया था।