2 News : अल्लू से मिलने साइकिल पर UP से हैदराबाद पहुंचा फैन, वीडियो वायरल, रजनीकांत के बंगले में भी घुसा पानी

हमारे देश में फिल्म और क्रिकेट स्टार्स जबरदस्त लोकप्रिय होते हैं। लोगों में उनके लिए तगड़ी दीवानगी देखी जाती है। वे अपने चहेते स्टार के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहते हैं। फैंस उनकी झलक पाने को तरसते हैं और दीदार होने पर खुद को खुशनसीब मानते हैं। अब एक फैन खास कारण से सुर्खियों में आ गया है। दरअसल उत्तर प्रदेश का एक शख्स साइकिल चलाकर हैदराबाद अपने पसंदीदा स्टार ‘पुष्पा’ फेम अल्लू अर्जुन से मिलने पहुंचा। अल्लू फैन की चाहत देख इतने खुश हो गए कि उसकी वापसी का ट्रेन/हवाई जहाज का टिकट का इंतजाम कर दिया।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि जब फैन ने बताया कि वह यूपी के अलीगढ़ से आया है, तो अल्लू ने पूछा कि वह कैसे आया। फैन के साइकिल से आने की बात सुनकर अल्लू हैरान रह गए। इसके बाद अल्लू ने अपने सहयोगियों को फैन की वापसी के लिए ट्रेन या हवाई जहाज का टिकट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अल्लू ने फैन से अनुरोध किया कि वह वापस साइकिल से नहीं जाए। उल्लेखनीय है कि उसने 1600 किलोमीटर की दूरी तय की। दूसरी ओर, फैन अल्लू से मिलकर खुशी से फूला नहीं समा रहा था।

बता दें कुछ समय पहले ऐसे ही एक व्यक्ति साइकिल से हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर एक्टर कार्तिक आर्यन से मिलने मुंबई पहुंचा था। यह वीडियो भी इंटरनेट पर छा गया था। इस बीच अल्लू की मचअवेटेड मूवी ‘पुष्पा 2’ सिनेमाघरों में 6 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। सुकुमार द्वारा लिखित और निर्देशित इस एक्शन ड्रामा फिल्म का निर्माण मैत्री मूवी मेकर्स ने किया है। फिल्म में रश्मिका मंदाना लीड एक्ट्रेस है, जबकि फहद फासिल विलेन की भूमिका में दिखेंगे।

चेन्नई में बारिश से हाल बेहाल, रजनीकांत का आलीशान विला भी हुआ जलमग्न

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में इन दिनों बारिश ने कहर बरपा रखा है। कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। हर जगह बारिश का पानी जमा हो गया है। रोजमर्रा का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। यातायात और आवश्यक सेवाएं सब कुछ बंद हैं। कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। आम हो या खास सब पर इसका असर पड़ रहा है। इस बीच साउथ इंडियन सुपरस्टार रजनीकांत को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उनके चेन्नई स्थित बंगले में भी पानी घुस गया है। डेक्कन हेराल्ड के मुताबिक रजनीकांत का आलीशान बंगला चेन्नई के पोएस गार्डन में स्थित है। भारी बारिश के कारण उनका आलीशान विला जलमग्न हो गया है। इसके अलावा परिसर में भी बाढ़ का पानी भर गया है। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसमें पूरी सड़क पानी से भरी नजर आ रही है। वहीं सुपरस्टार के घर के बाहर भी पानी भरा नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से आस-पास मौजूद सेलेब्रिटीज के घर भी प्रभावित हुए हैं।

रजनीकांत के प्रोफेशनल फ्रंट पर नजर डालें तो वो इन दिनों फिल्म ‘वेट्टैयन’ को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म 10 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इसमें वह 33 साल बाद अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। उनके साथ फहाद फासिल और राणा दग्गुबाती जैसे कलाकार भी हैं। 300 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 110 करोड़ से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है। इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 200 करोड़ के पार हो गया है।