2 News : क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड से चूकी ‘सिटाडेल : हनी बनी’ और…, इस स्टार ने लगाई प्रयागराज में डुबकी, शेयर किए Video

फिल्म जगत के प्रतिष्ठित सम्मान में से एक 30वां ‘क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड’समारोह कैलिफोर्निया के सांता मोनिका में आयोजित किया गया। पायल कपाड़िया की फिल्म 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' और राज-डीके की वेब सीरीज 'सिटाडेल : हनी बनी' दोनों बाहर हो गई हैं। वरुण धवन और सामंथा रुथ प्रभु की सीरीज 'सिटाडेल : हनी बनी' को बेस्ट फॉरेन लेंगवेज सीरीज कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था, लेकिन यह पुरस्कार अपने नाम नहीं कर पाई। इस कैटेगरी में 'स्क्विड गेम' ने बाजी मारी।

कान्स फिल्म फेस्टिवल में ग्रैंड प्रिक्स पुरस्कार जीतकर इतिहास रचने वाली 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' को बेस्ट फॉरेन लेंगवेज फिल्म के लिए नॉमिनेट किया गया था, लेकिन उसके हाथ भी निराशा लगी। पुरस्कार फ्रेंच फिल्म ‘एमिलिया पेरेज’ को मिली। ‘शोगुन’ को 4 अवार्ड मिले। इसे बेस्ट ड्रामा सीरीज, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर हिरोयुकी सनाडा, एक्टर तादानोबु असानो और सपोर्टिंग एक्ट्रेस के लिए मोएका होशी को पुरस्कार मिला। बता दें फिल्मों में ‘कॉन्क्लेव’ और ‘विकेड’ को सबसे ज्यादा 11-11 नामांकन मिले, जबकि टीवी श्रेणी में 'शोगुन' का दबदबा रहा।

बेस्ट पिक्चर 'अनोरा’, बेस्ट एक्टर एड्रियन ब्रॉडी (द ब्रूटलिस्ट), बेस्ट एक्ट्रेस डेमी मूर (द सब्सटेंस), बेस्ट सॉन्ग 'एमिलिया पेरेज', बेस्ट डायरेक्टर जॉन एम.चू, बेस्ट एक्ट्रेस इन ड्रामा सीरीज कैथी बेट्स (मैटलॉक), बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले फ्रांसीसी फिल्म निर्माता कोराली फार्गेट, बेस्ट यंग एक्ट्रेस कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'माई ओल्ड ऐस' के लिए मेसी स्टेला, बेस्ट प्रोडक्शन डिजाइन 'विक्ड', बेस्ट एडिटिंग ‘चैलेंजर्स’, बेस्ट कॉमेडी अली वोंग (सिंगल लेडी), बेस्ट सिनेमैटोग्राफी हॉरर फिल्म ‘नोस्फेरातु’, बेस्ट एनिमेटेड सीरीज टीवी सीरीज 'एक्स-मेन 97’, बेस्ट टॉक शो अमेरिकी टॉक शो 'जॉन मुलैनी प्रजेंट्स : एवरीबडीज इन एलए' और बेस्ट हेयर व मेकअप फिल्म ‘द सबस्टेंस’ को दिया गया।
पीले कपड़े पहने जल में डुबकी लगाते दिखे भोजपुरी स्टार निरहुआ

इन दिनों प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। लाखों-करोड़ों श्रद्धालु रोजाना संगम में डुबकी लगा रहे हैं। इस मामले में फिल्म स्टार्स भी पीछे नहीं हैं। अब भोजपुरी के बड़े स्टार और भाजपा के पूर्व सांसद रहे दिनेश कुमार यादव उर्फ निरहुआ को प्रयागराज में देखा गया। निरहुआ ने स्नान का वीडियो भी पोस्ट किया है। इतना ही नहीं उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया। निरहुआ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किए हैं।

पहले वीडियो में वे संगम के पानी में डुबकी लगा रहे हैं। उन्होंने पीले कपड़े पहने हैं और बार-बार हाथ जोड़कर जल में डुबकी लगाते दिखे। निरहुआ ने वीडियो पर लिखा, “चलो कुंभ चलें।” दूसरे वीडियो में वे छत से प्रयागराज का सुंदर नजारा ले रहे हैं। वे छत पर गरमागरम चाय का मजा भी ले रहे हैं। काम की बात करें तो निरहुआ और अक्षरा सिंह की फिल्म ‘सबका बाप अंगूठा छाप’ आज शनिवार (8 फरवरी) को टीवी पर रिलीज हो रही है।

इसके अलावा निरहुआ की हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘हे राम’ भी जल्द रिलीज होने वाली है। इससे पहले राजकुमार राव, ईशा गुप्ता, पूनम पांडे, किटू गिडवानी, कबीर खान, सुनील ग्रोवर, गुरु रंधावा, अविनाश तिवारी, अनुपम खेर, भाग्यश्री, रेमो डिसूजा, सिद्धार्थ निगम, तनीषा मुखर्जी, ममता कुलकर्णी, प्रियंका चोपड़ा की मां मधु चोपड़ा समेत कई हस्तियां इस भव्य आध्यात्मिक समागम में भाग ले चुकी हैं।