बॉलीवुड में एक बार फिर शादी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अली गोनी और जैस्मीन भसीन, जो लंबे समय तक एक-दूसरे के अच्छे दोस्त रहे और बाद में धीरे-धीरे प्यार में बदल गए, आज इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कपल्स में से एक हैं। दोनों फिलहाल एक सीरियस रिलेशनशिप में हैं और साथ रहने की भी खबरें सामने आती रहती हैं। फैंस उनकी शादी को लेकर काफी समय से उत्साहित हैं और लगातार इंतजार कर रहे हैं कि कब यह कपल अपने रिश्ते को अगले पड़ाव तक ले जाएगा। इसी बीच हाल ही में मीडिया बातचीत के दौरान अली गोनी ने अपनी वेडिंग प्लानिंग को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने साफ कहा कि शादी का फैसला पूरी तरह ऊपर वाले के हाथ में है, लेकिन परिवार की ओर से उन पर लगातार शादी को लेकर दबाव भी बनाया जा रहा है।
क्या बोले अली गोनी?जब अली गोनी से यह सवाल किया गया कि क्या जैस्मीन शादी के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने बिना झिझक जवाब दिया कि जैस्मीन पहले ही इस बात के लिए सहमति जता चुकी हैं। अली ने कहा, “जैस्मीन पूरी तरह तैयार है, और मैं भी तैयार हूं, लेकिन मैं चाहता हूं कि यह चीज जल्द से जल्द हो जाए।” इसके आगे जब उनसे पूछा गया कि क्या इस साल फैंस को उनकी शादी की खुशखबरी मिल सकती है, तो एक्टर ने मुस्कुराते हुए कहा कि “हो सकता है।” उनके इस जवाब से साफ इशारा मिलता है कि आने वाले समय में दोनों की शादी की घोषणा हो सकती है।
कुछ समय पहले दिए गए एक इंटरव्यू में जैस्मीन भसीन ने भी अली गोनी के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें कई बार धार्मिक ट्रोलिंग और नकारात्मक टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि क्या उनके परिवारों के बीच किसी तरह का तनाव है या नहीं। इस पर बात करते हुए जैस्मीन ने कहा था कि उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की धार्मिक टिप्पणियां की जाती हैं, जिन पर कभी-कभी उन्हें हैरानी भी होती है कि लोग इस तरह की सोच कैसे रख सकते हैं।
रिश्ते पर क्या बोलीं जैस्मीन?जैस्मीन ने आगे अपनी बात रखते हुए कहा था, “जो लोग बेहद गलत और अपमानजनक बातें लिखते हैं, वे भी इस दुनिया का हिस्सा हैं, लेकिन दूसरी तरफ ऐसे लोग भी हैं जो हमें बहुत प्यार और सपोर्ट करते हैं।” उन्होंने आगे अपने नजरिए को साझा करते हुए कहा कि उनके लिए रिश्ते में सबसे जरूरी चीजें सम्मान, प्यार और एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम है।
जैस्मीन ने कहा, “मैं उन्हीं मूल्यों को अपने रिश्ते में प्राथमिकता देती हूं। इसके बाद समाज और परिवार से जुड़े जो मानदंड हैं, वे भी मेरे लिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि मेरी परवरिश उसी माहौल में हुई है। मैं उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकती, लेकिन अगर मैं अपने सपनों के साथी को छोड़ दूं तो क्या यह समझदारी होगी या गलत फैसला?”
गौरतलब है कि अली और जैस्मीन अपने रिश्ते को लेकर हमेशा से काफी खुले रहे हैं और एक-दूसरे के प्रति अपने प्यार को जाहिर करने में कभी हिचकिचाते नहीं हैं। दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी के दौरान हुई थी, जहां दोनों के बीच दोस्ती की शुरुआत हुई थी। बाद में यह रिश्ता और मजबूत हुआ और रियलिटी शो बिग बॉस 14 के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए और उनका रिश्ता प्यार में बदल गया।