बॉलीवुड कपल ऋचा चड्ढा और अली फजल की बतौर निर्माता पहली फिल्म 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' ने 'जॉन कैसवेट्स अवॉर्ड' जीता है। ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट फेम कनी कुसरुति और डेब्यूटेंट प्रीति पाणिग्रही की यह फिल्म दिसंबर 2024 में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी और दर्शकों ने इसे खूब सराहा। फिल्म ने अब कैलिफोर्निया में बड़ी जीत दर्ज की है।
गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ का निर्देशन शुचि तलाटी ने किया है। शनिवार को कैलिफोर्निया में इंडिपेंडेंट स्पिरिट अवॉर्ड्स का आयोजन किया गया। इस फिल्म ने ‘जॉन कैसवेट्स अवॉर्ड’ जीतकर इतिहास रच दिया है। ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ यह अवॉर्ड पाने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। बता दें कि यह अवॉर्ड दुनिया के सबसे मशहूर अवॉर्ड्स में से एक है।
अली फजल ने अवॉर्ड के बारे में क्या कहा? अवॉर्ड जीतने के बाद अली फजल ने कहा, 'यह जीत हमारे और भारतीय सिनेमा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। स्वतंत्र सिनेमा का असली सार बिना किसी डर के सच को पेश करना है, चाहे वह कितना भी मुश्किल क्यों न हो। 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' बिल्कुल यही करती है। यह सीमाओं को तोड़कर इतिहास बनाने की एक कोशिश है और मुझे इस फिल्म का हिस्सा बनकर गर्व महसूस हो रहा है।'
ऋचा चड्ढा ने दी प्रतिक्रिया 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' को अवॉर्ड मिलने पर ऋचा चड्ढा ने कहा, 'यह जीत किसी सपने के सच होने जैसी है। मुझे गर्व है कि हमने 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' जैसी फिल्म बनाई। यह सिर्फ मेरी जीत नहीं है, बल्कि पूरी टीम की जीत है, जिन्होंने इस कहानी पर विश्वास किया।'
बता दें कि 'गर्ल्स विल बी गर्ल्स' की कहानी मीरा (प्रीति पाणिग्रही) नाम की 16 साल की लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। लड़की का विद्रोही मिजाज उसकी मां (कनी कुसरुति) के अधूरे युवावस्था के अनुभवों से जुड़ा है। फिल्म का निर्देशन शुचि तलाटी ने किया है लेकिन फिल्म के निर्माता ऋचा और अली फजल हैं। उन्होंने इसे अपनी प्रोडक्शन कंपनी 'पुशिंग बटन्स स्टूडियोज' के बैनर तले बनाया है। यह फिल्म 18 दिसंबर, 2024 को प्राइम वीडियो इंडिया पर रिलीज हुई थी। फिल्म को दर्शकों और आलोचकों ने भी सराहा था।