अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। मल्टीस्टारर इस कॉमेडी एंटरटेनर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसका असर इसकी कमाई पर भी साफ दिखाई दे रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिशा पाटनी, रवीना टंडन, सुनील शेट्टी समेत कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। रिलीज के महज दो दिनों के भीतर ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 35 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। आइए जानते हैं दूसरे दिन फिल्म की कमाई और अब तक के कुल कलेक्शन का पूरा आंकड़ा।
दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर दिखी शानदार रफ्तारSacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन यानी शनिवार को करीब 20 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। देशभर में फिल्म के लगभग 10 हजार शो प्रदर्शित किए गए, जबकि औसतन 33 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन बढ़कर करीब 39 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
फिल्म ने रिलीज से पहले हुए पेड प्रीव्यू के जरिए 3.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद पहले दिन इसने 15.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं दूसरे दिन की कमाई में उल्लेखनीय बढ़त देखने को मिली। रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने कमाई के मामले में 'राजा शिवाजी', 'ओ रोमियो', 'भूत बंगला' समेत साल 2026 की आठ फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी पहुंचा शानदार आंकड़े पर
घरेलू बाजार के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, 'वेलकम टू द जंगल' ने अब तक लगभग 46.80 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया है। वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 10.70 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 57.50 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जो शुरुआती दो दिनों के लिहाज से काफी मजबूत माना जा रहा है।
दिशा पाटनी के करियर की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनीइस शानदार प्रदर्शन के साथ 'वेलकम टू द जंगल' अब अभिनेत्री दिशा पाटनी के करियर की पांचवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। इस सूची में सबसे ऊपर 'बागी 2' (164.38 करोड़ रुपये) है, जबकि इसके बाद 'एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' (133.04 करोड़ रुपये), 'मलंग' (58.99 करोड़ रुपये) और 'एक विलेन रिटर्न्स' (41.69 करोड़ रुपये) का स्थान है। अब 'वेलकम टू द जंगल' ने पांचवां स्थान हासिल करते हुए 'योद्धा', 'कंगुवा', 'कुंग फू योगा' और 'राधे' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।
मल्टीस्टारर फिल्म के गाने भी बटोर रहे हैं सुर्खियांफिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है। रिलीज के साथ-साथ इसके गाने भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। खास बात यह है कि फिल्म में एक भोजपुरी गीत भी शामिल किया गया है, जिसमें अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह की डांस परफॉर्मेंस दर्शकों का ध्यान खींच रही है।
इस मल्टीस्टारर फिल्म में 30 से अधिक कलाकार नजर आ रहे हैं। अक्षय कुमार, दिशा पाटनी, रवीना टंडन और सुनील शेट्टी के अलावा परेश रावल, राजपाल यादव, फरीदा जलाल, अरशद वारसी, तुषार कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और श्रेयस तलपड़े जैसे कई चर्चित कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। बड़े कलाकारों की लंबी फौज, कॉमेडी से भरपूर कहानी और दमदार मनोरंजन के चलते फिल्म शुरुआती दिनों में बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है।