जाम से बचने के लिए इस नामी स्टार ने किया मुंबई मेट्रो का सफर, पहचान छुपाने के लिए लगाया मास्क, वीडियो वायरल

बॉलीवुड में ‘खिलाड़ी’ के नाम से मशहूर अक्षय कुमार हमेशा किसी न किसी कारण से सुर्खियों में रहते हैं। उनकी हर साल और एक्टर्स की तुलना में ज्यादा फिल्में रिलीज होती हैं। इससे अक्षय के फैंस में खुशी बनी रहती है। इसके अलावा अक्षय की व्यक्तिगत जीवन भी उन्हें लाइमलाइट में रखता है। वे अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना और दोनों बच्चों के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करते नजर आते हैं। फिलहाल अक्षय एक दूसरी वजह से न्यूज में हैं।

दरअसल अक्षय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इसमें अक्षय मुंबई मेट्रो की सवारी करते नजर आ रहे हैं। अक्षय ब्लैक कलर के आउटफिट में हैं। पहचान छिपाने के लिए अक्षय ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ है। हालांकि इसके बावजूद अक्षय छिप नहीं सके। मेट्रो में बैठे लोगों ने कुछ ही देर में उन्हें पहचान लिया।

इसके बाद यात्रियों ने अक्षय के वीडियो बनाने शुरू कर दिए। माना जा रहा है कि अक्षय ने मुंबई के जाम से बचने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल किया। अक्षय जाने-माने प्रोड्यूसर दिनेश विजान के साथ बात करते दिख रहे हैं। अक्षय के इस वीडियो को एक फैन पेज ने X (ट्विटर) पर शेयर किया है। ये पहली बार नहीं था, जब अक्षय मेट्रो से सवारी करते दिखे।

अक्षय ने पिछले साल ‘सेल्फी’ के प्रमोशन के लिए ली थी मेट्रो की शरण

साल 2023 में भी अक्षय ऐसे ही मेट्रो में सफर करते नजर आए थे। हालांकि तब वे अपनी फिल्म ‘सेल्फी’ का प्रमोशन कर रहे थे और अन्य सवारियों से भी बात करते नजर आए थे। उनके साथ इमरान हाशमी भी थे। अक्षय ने 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' गाने पर डांस भी किया था। इससे पहले साल 2019 की बात करें तो अक्षय अपनी थ्रिलर ड्रामा मूवी 'लक्ष्मी बम' की शूटिंग में व्यस्त थे।

तब अक्षय को घाटकोपर में शूटिंग के दौरान पीक आवर्स में वर्सोवा पहुंचना था, तो उन्होंने अपनी कार छोड़कर जल्दी पहुंचने के लिए मुंबई मेट्रो का विकल्प चुना था। बता दें कि कुछ दिनों पहले ऋतिक रोशन का भी एक ऐसा ही वीडियो सामने आया था। ऋतिक मेट्रो में बैठे नजर आए थे। अक्षय के वर्कफ्रंट की बात करें तो हाल ही उन्होंने टाइगर श्रॉफ के साथ अपनी फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की रिलीज डेट बताई थी। फिल्म इस साल ईद पर सिनेमाघरों में धूम मचाएगी।