2 News : अक्षय कुमार ने शेयर किया ‘कन्नप्पा’ फिल्म का दूसरा टीजर, KKK 15 में हिस्सा लेने पर एल्विश ने दी रिएक्शन

साउथ इंडियन स्टार विष्णु मंचू अपनी मच अवेटेड अपकमिंग फिल्म 'कन्नप्पा' को लेकर लाइमलाइट में बने हुए हैं। इसके डायरेक्टर मुकेश कुमार सिंह हैं। फिल्म 25 अप्रैल को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस बीच आज शनिवार (1 मार्च) को मेकर्स ने फिल्म का दूसरा टीजर जारी किया है, जो काफी दमदार है। फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अक्षय कुमार ने अपने ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर ‘कन्नप्पा’ का दूसरा टीजर रिलीज करते हुए कैप्शन में लिखा, “उन्होंने दिव्यता को आंखों से नहीं, बल्कि अटूट भक्ति से देखा। साहस, प्रेम और भाग्य की एक टाइमलेस सागा शुरू होती है।”

टीजर पर नजर डालें तो इसकी शुरुआत काली माता से होती है। एक युद्ध की झलक दिखाई गई है, जिसकी अगुवाई थिनाणु (विष्णु) कर रहे हैं। वे दुश्मनों के खिलाफ अपनी सेना तैयार कर रहे हैं। टीजर में और भी कई कलाकार दिख रहे हैं। एक्ट्रेस काजल अग्रवाल मां पार्वती के किरदार में हैं, जबकि अक्षय को भगवान शिव और प्रभास को रूद्र के अवतार में दिखाया गया है। फिल्म में मोहनलाल, मोहन बाबू, सरथकुमार, अर्पित रांका, प्रीति मुकुंदन, मधु जैसे कलाकार भी शामिल हैं।

अक्षय इस मूवी के साथ तेलुगू फिल्म में डेब्यू कर रहे हैं। 24 फ्रेम्स फैक्ट्री और एवा एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित 'कन्नप्पा' में स्टीफन देवसी और मणि शर्मा का संगीत है। इसे तेलुगू भाषा में शूट किया गया है, जबकि इसे हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम और इंग्लिश में डब किया जा रहा है। फिल्म का टीजर देखने के बाद दर्शकों के मन में फिल्म को लेकर उत्साह और भी ज्यादा बढ़ गया है। अब टीजर के बाद दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है, जो कि फिल्म के रिलीज से कुछ समय पहले सामने आएगा।
‘खतरों के खिलाड़ी’ का 15वां सीजन जल्द होगा शुरू, एल्विश यादव ने कहा…

दिग्गज फिल्ममेकर रोहित शेट्टी का कलर्स टीवी पर आने वाला रियलिटी स्टंट शो 'खतरों के खिलाड़ी' फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है। वे इसका बेसब्री से इंतजार करते हैं। अब KKK 15 को लेकर रोजाना खबरें आ रही हैं। शो में हिस्सा लेने को लेकर कई नाम सामने आए हैं। इस लिस्ट में ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ का खिताब जीतने वाले यूट्यूबर एल्विश यादव का नाम टॉप पर है। इस बीच अब एल्विश ने शो में हिस्सा लेने को लेकर रिएक्शन दी है।

एल्विश इन दिनों 'रोडीज' और 'लॉफ्टर शेफ्स सीजन 2' में दिख रहे हैं। हाल ही में एल्विश ने फिल्मीबीट को इंटरव्यू दिया। बातचीत के दौरान एल्विश से पूछा गया कि अगर उन्हें ‘खतरों के खिलाड़ी’ में हिस्सा लेने का मौका मिले तो क्या वे इसमें हिस्सा लेना चाहेंगे या नहीं। इस पर एल्विश ने जवाब दिया, “खतरों के खिलाड़ी में खतरा है और हम खतरों से दूर रहते हैं।” एल्विश के इस जवाब से साफ है कि वे शो में हिस्सा नहीं लेंगे।

जानकारी के अनुसार मेकर्स ने सबसे ज्यादा जनवरी में खत्म हुए ‘बिग बॉस 18’ के कंटेस्टेंट को अप्रोच किया है। हाल ही में ‘बिग बॉस तक’ ने एल्विश यादव, अविनाश मिश्रा, दिग्विजय सिंह, ईशा सिंह, चुम दरांग, सिद्धार्थ निगम, बसीर अली, गुल्की जोशी और भाविका शर्मा के नाम बताए थे।