अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ इस हफ्ते सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर बताई जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता है और शुरुआती अनुमान के मुताबिक ‘हैवान’ रिलीज के पहले दिन करीब 15 से 18 करोड़ रुपये का कारोबार कर सकती है। अक्षय कुमार और सैफ अली खान इन दिनों फिल्म के प्रमोशन में जुटे हुए हैं।
मोहनलाल की फिल्म का हिंदी रीमेक है ‘हैवान’‘हैवान’ साल 2016 में रिलीज हुई मोहनलाल की फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। दिलचस्प बात यह है कि मूल फिल्म का निर्देशन करने वाले प्रियदर्शन ने ही इसके हिंदी संस्करण की कमान भी संभाली है। इस बार अक्षय कुमार एक अलग अंदाज में नजर आएंगे और फिल्म में उनका किरदार विलेन का है।
कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचानी जाने वाली अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी इस बार सस्पेंस-थ्रिलर के साथ दर्शकों के सामने आ रही है। यही बदलाव फिल्म को लेकर खास चर्चा का कारण बना हुआ है।
क्या है ‘हैवान’ की कहानी?फिल्म का कथानक एक रिटायर्ड जज और उस व्यक्ति के बीच टकराव पर आधारित है, जिसके जीवन पर कभी उसी जज के फैसले का असर पड़ा था। कहानी के मुताबिक, जज ने कई साल पहले एक व्यक्ति को सजा सुनाई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह व्यक्ति पुराने फैसले का बदला लेने के लिए हत्याओं का सिलसिला शुरू कर देता है।
एक के बाद एक मर्डर होते हैं, लेकिन पुलिस हत्यारे तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाती। इसी जांच के दौरान कहानी में एक अंधे व्यक्ति की एंट्री होती है, जो हत्यारे को पहचानने की क्षमता रखता है। हालांकि परिस्थितियां ऐसी बनती हैं कि पुलिस उसी अंधे व्यक्ति को आरोपी मानकर गिरफ्तार कर लेती है।
अंधा शख्स कैसे बचाएगा जज की पोती को?कहानी में आगे यह अंधा व्यक्ति जज की पोती को हत्यारे से बचाने की कोशिश करता है। उसके सामने एक तरफ अपनी बेगुनाही साबित करने की चुनौती है, तो दूसरी ओर जज की पोती को खूनी से सुरक्षित रखने का खतरा।
फिल्म का अहम मोड़ तब सामने आता है जब अंधे सैफ अली खान के किरदार और अक्षय कुमार के खतरनाक किरदार का आमना-सामना होता है। इसी टकराव के इर्द-गिर्द फिल्म का सस्पेंस और रोमांच आगे बढ़ता है।
प्रियदर्शन के साथ फिर अक्षय कुमारअक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी इससे पहले ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘हेरा फेरी’, ‘दे दना दन’ और ‘भूत बंगला’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। इनकी कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिली है। हालांकि ‘हैवान’ में दोनों की जोड़ी कॉमेडी से अलग एक गंभीर सस्पेंस-थ्रिलर लेकर आ रही है।
18 साल बाद अक्षय-सैफ साथ‘हैवान’ में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी लंबे अंतराल के बाद पर्दे पर दिखाई देगी। दोनों कलाकार इससे पहले साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ काम कर चुके हैं। करीब 18 साल बाद दोनों को एक साथ देखना भी फिल्म की खास बातों में शामिल है।
सैफ अली खान इससे पहले ‘देवरा’ और ‘ज्वेल थीफ’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। इस साल उन्हें नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘कर्तव्य’ में भी देखा गया था। अब ‘हैवान’ में उनका सस्पेंस और एक्शन से जुड़ा किरदार दर्शकों के सामने होगा।
पहले दिन कितनी कमाई कर सकती है फिल्म?रिलीज से पहले सामने आए अनुमान के मुताबिक ‘हैवान’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 15 से 18 करोड़ रुपये के बीच कमाई कर सकती है। फिल्म की ओपनिंग कैसी रहती है, यह सिनेमाघरों में दर्शकों की प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा। फिलहाल अक्षय कुमार का विलेन अवतार, सैफ अली खान के साथ उनकी जोड़ी और प्रियदर्शन का निर्देशन फिल्म की प्रमुख आकर्षणों में बताए जा रहे हैं।