मुंबई के जुहू चौपाटी पर 7 सितंबर, रविवार को गणपति विसर्जन के बाद सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस मौके पर बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार भी मौजूद थे। उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी के साथ मिलकर वहां पड़े फूल-माला और अन्य कचरे को इकट्ठा किया। इस अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अक्षय कुमार ने कुछ स्वयंसेवकों के साथ मिलकर विसर्जन से बचे हुए कचरे और अवशेषों को थैलों में डाला। इस दौरान अक्षय और अमृता के अलावा कई अन्य लोग भी सफाई में शामिल हुए। IANS को दिए इंटरव्यू में अक्षय ने कहा, “ज्ञान हमें सिखाता है कि स्वच्छता बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है। हमारे प्रधानमंत्री भी इस बात पर जोर देते हैं कि स्वच्छता केवल सरकार या बीएमसी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”
वीडियो देखने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएंसोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने अक्षय की आलोचना की। एक ने लिखा, “सिर्फ नाम के लिए किया गया।” वहीं, कुछ ने कहा, “सफाई ठीक है, लेकिन मीडिया का यहां क्या काम?” कुछ ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताते हुए कहा, “लगता है किसी मूवी का ट्रेलर आने वाला है।” कई लोगों ने सवाल किया कि वीडियो बनाने की क्या जरूरत थी, और कुछ ने इसे कैमरे के सामने दिखावा करार दिया।
अक्षय कुमार की परोपकारी पहलअक्षय ने इससे पहले पंजाब में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 5 करोड़ रुपये का दान दिया था। उन्होंने कहा था, “जब मुझे मदद का मौका मिलता है तो मैं खुद को खुशकिस्मत समझता हूं। यह मेरी सेवा का एक छोटा सा योगदान है। मैं पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपये दे रहा हूं।”