अक्षय कुमार की 'जॉली एलएलबी 3' की कमाई में गुरुवार को आई गिरावट, सामने आई वजह

अक्षय कुमार, अरशद वारसी, हुमा कुरैशी, अमृता राव, सौरव शुक्ला, सीमा विश्वास और गजराज राव जैसे दमदार कलाकारों से सजी फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' ने रिलीज़ के सात दिन पूरे कर लिए हैं। लगभग 120 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म शुरुआती दिनों में वर्ल्डवाइड अच्छी कमाई कर रही थी। लेकिन गुरुवार को बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की कमाई में अचानक गिरावट देखने को मिली। इसका प्रमुख कारण पवन कल्याण की फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी' का सिनेमाघरों में धमाकेदार ओपनिंग रहा, जिसने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

किसान पर आधारित कहानी में कॉमेडी का तड़का

निर्देशक सुभाष कपूर की 'जॉली एलएलबी 3' की कहानी मुख्य रूप से किसानों की जमीन हड़पने और उनकी आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दों पर आधारित है। इस गंभीर विषय को मनोरंजन के अंदाज में पेश किया गया है, ताकि दर्शक गंभीर मुद्दे को समझें और साथ ही फिल्म का कॉमेडी टच भी उन्हें आनंद दे। फिल्म में इस संतुलन को बनाने की पूरी कोशिश की गई है कि कहानी की गंभीरता को नुकसान न पहुंचे।
अक्षय और अरशद के बीच कोर्ट में टकराव

इस बार जगदीश्वर मिश्रा यानी जॉली (अक्षय कुमार) कानपुर से दिल्ली कोर्ट में कदम रख चुके हैं। वहीं, जगदीश त्यागी उर्फ जॉली (अरशद वारसी) भी मेरठ की गलियों से निकलकर दिल्ली कोर्ट में मौजूद हैं। दोनों की नज़र अब बड़े केस जीतने पर टिकी है। इसी प्रतिस्पर्धा के चलते उनकी टकराहट और मारपीट की स्थिति तक बन जाती है, जो फिल्म के कॉमिक एलिमेंट को और मजेदार बनाती है।

गुरुवार को आधी कमाई

गुरुवार को 'जॉली एलएलबी 3' की कमाई में तेजी से गिरावट आई। बुधवार की तुलना में फिल्म ने लगभग आधी कमाई दर्ज की। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने गुरुवार यानी सातवें दिन सिर्फ 2.27 करोड़ रुपये की कमाई की। कुल मिलाकर देसी बॉक्स ऑफिस पर अब तक फिल्म ने 72.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

वर्ल्डवाइड कमाई का आंकड़ा

वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म ने छह दिनों में 108 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। उम्मीद की जा रही है कि सातवें दिन यह आंकड़ा 111 करोड़ रुपये को पार कर गया होगा। विदेशों में फिल्म ने 25 करोड़ रुपये की कमाई की और भारत में ग्रॉस कलेक्शन 84 करोड़ रुपये के पार जा चुका है। इस तरह 'जॉली एलएलबी 3' ने शुरुआत में शानदार प्रदर्शन किया है, हालांकि गुरुवार की गिरावट ने इसे थोड़ा प्रभावित किया।