अक्षय कुमार और अरशद वारसी एक बार फिर पर्दे पर आमने-सामने, लेकिन इस बार मामला कोर्टरूम से शुरू होकर थप्पड़-घूंसों तक पहुंच गया है। उनकी नई फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ का टीज़र रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गया है। इस साल ‘स्काईफोर्स’, ‘केसरी चैप्टर 2’ और ‘हाउसफुल 5’ के बाद, अक्षय कुमार सितंबर में अपनी चौथी फिल्म के साथ वापसी कर रहे हैं, और इस बार उनके साथ हैं पहले पार्ट के जॉली, यानी अरशद वारसी।
दो जॉली, दो शहर, एक जंगटीज़र की शुरुआत होती है जगदीश त्यागी (अरशद वारसी) की एंट्री से, जो मेरठ के वकील हैं। इसके बाद आते हैं जगदीश्वर मिश्रा (अक्षय कुमार) जो कानपुर से ताल्लुक रखते हैं। कोर्ट में दोनों की बहस इतनी गरमा जाती है कि जज (सौरभ शुक्ला), जो सुन्दर लाल त्रिपाठी का किरदार निभा रहे हैं, सिर पकड़कर रह जाते हैं।
कोर्टरूम से बाहर तक भिड़ंतमहज 38 सेकंड के भीतर ही माहौल ऐसा बनता है कि दोनों वकील जज को लेकर आपस में उलझ पड़ते हैं। “ये जज तेरा मामा लगता है…” जैसे पंच डायलॉग्स दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देते हैं। कोई कोर्टरूम में सब्जी लेकर बैठा है, तो कोई दूसरे का कॉलर पकड़कर खींच रहा है। खासकर वो पल, जब अक्षय कुमार अरशद वारसी को एक जोरदार थप्पड़ जड़ते हैं, सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है।
सौरभ शुक्ला का तड़का और डायलॉगबाज़ीटीज़र में सौरभ शुक्ला का अंदाज़ हमेशा की तरह बेमिसाल है। उनका डायलॉग — “एक जॉली संभलता नहीं, दो-दो का क्या करूं?” — पहले से ही मीम्स में बदल रहा है। टीज़र में दिखाई गई हल्की-फुल्की नोकझोंक और मस्ती, इस फ्रेंचाइज़ी की पहचान को और मजबूत करती है।
हिट फ्रेंचाइज़ी में नया मोड़2013 में रिलीज हुई पहली ‘जॉली एलएलबी’ में अरशद वारसी ने अपनी कॉमिक-ड्रामा अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया था। 2017 में आए दूसरे पार्ट में अक्षय कुमार ने लीड ली और फिल्म ने 197 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की। अब तीसरे पार्ट में पहली बार दोनों जॉली एक ही फिल्म में आमने-सामने हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें कई गुना बढ़ गई हैं।
रिलीज़ डेट और उम्मीदें‘जॉली एलएलबी 3’ 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले दो पार्ट की सफलता और इस बार दोनों सितारों की संयुक्त मौजूदगी को देखते हुए, उम्मीद है कि यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी।