2 News : अक्षय-शिल्पा ने किया इस गाने पर डांस, वीडियो वायरल, ‘खिलाड़ी’ की भांजी सिमर को देख याद आईं कैटरीना

बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार (57) और शिल्पा शेट्टी (49) अपनी शानदार एक्टिंग के साथ बेहतरीन फिटनेस के लिए भी मशहूर हैं। दोनों ने 90 के दशक में करिअर की शुरुआत की थी। वे कुछ चर्चित फिल्मों में साथ भी नजर आए। यहां तक कि उनकी अफेयर की खबरें भी उड़ी थीं। यह जोड़ी एक बार फिर से साथ दिखी। सोमवार (3 मार्च) को हिंदुस्तान टाइम्स की एक इवेंट के दौरान शिल्पा और अक्षय ने वहां मौजूद अपने फैंस की खास मांग पर ‘चुरा के दिल मेरा’ गाने पर डांस किया। ये गाना साल 1994 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’ का है।

इस गाने को दर्शकों ने बहुत पसंद किया था और आज भी यह काफी लोकप्रिय है। उन्होंने 31 साल बाद गाने को रिक्रिएट किया। उनकी केमिस्ट्री ने फैंस का दिल जीत लिया और सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। शिल्पा ने व्हाइट नेट साड़ी पहनी थी, जिसमें वो बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने लुक को खुले बाल और व्हाइट हील्स के साथ कंप्लीट किया। अक्षय भी व्हाइट कोट और पैंट में हैंडसम लग रहे थे। इवेंट की होस्टिंग का जिम्मा अभिनेत्री दीया मिर्जा के पास था।

उल्लेखनीय है कि अक्षय और शिल्पा अपनी फिटनेस के लिए काफी फेमस हैं। बढ़ती उम्र के बावजूद अक्षय दिनों-दिन जवान होते जा रहे हैं। अक्षय बहुत अनुशासित लाइफस्टाइल फॉलो करते हैं। वे बॉलीवुड के सबसे बिजी कलाकारों में से एक हैं। अक्षय की पिछली फिल्म इसी साल आई स्काई फोर्स थी, जिसने बढ़िया बिजनेस किया। दूसरी ओर, शिल्पा भी अपनी खूबसूरती के साथ स्लिम एंड ट्रिम बॉडी के कारण सबका ध्यान खींचती हैं। शिल्पा सोशल मीडिया पर योग करते हुए कई वीडियो शेयर कर फिटनेस मंत्र बताती हैं।
अक्षय कुमार और उनकी भांजी सिमर भाटिया का भी वीडियो सोशल मीडिया पर छाया

इसी इवेंट का एक और वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें अक्षय के साथ उनकी भांजी सिमर भाटिया हैं। सिमर को देख लोगों को पुरानी कैटरीना कैफ याद आ गईं। अक्षय और सिमर ने सफेद आउटफिट पहना था, जो थीम के मुताबिक था। वायरल हो रही क्लिप्स में अक्षय भांजी का हाथ थामे हुए फोटो बूथ की तरफ बढ़ रहे थे। लोग मामा-भांजी को साथ देख काफी खुश हैं। बता दें सिमर, अक्षय की बहन अलका भाटिया की बेटी हैं, जो कि एक फिल्ममेकर हैं। उन्होंने साल 1997 में वैभव कपूर के साथ शादी की और पहले बच्चे के रूप में बेटी को जन्म दिया।

हालांकि बाद में अलका और वैभव अलग हो गए। साल 2012 में अलका ने रियल एस्टेट टाइकून सुरेंद्र हीरानंदानी के साथ शादी की। सिमर अब श्रीराम राघवन की फिल्म 'इक्कीस' से बॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं। वह अमिताभ बच्चन के नाति अगस्त्य नंदा के साथ रोमांस करती नजर आएंगी। फिल्म में धर्मेंद्र और जयदीप अहलावत भी हैं। फिल्म 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के सैकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की कहानी बताती है।