भोजपुरी सिनेमा की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार अक्षरा सिंह ने अपनी मेहनत से जबरदस्त स्टारडम हासिल किया है। इंस्टाग्राम पर उनके 67 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। एक समय अक्षरा का नाम भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह के साथ जुड़ा था, लेकिन बाद में उनका रिश्ता टूट गया। कई इंटरव्यूज में अक्षरा ने पवन सिंह पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
अब अक्षरा सिंह ने भोजपुरी सिनेमा में कास्टिंग काउच को लेकर अपनी राय रखी है। हिंदी रश को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “शोषण हर जगह होता है, हर फील्ड में। इंडस्ट्री में भी यह मौजूद है, लेकिन यह व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वह इसे कैसे लेता है। अगर आप समझौता करना चाहते हैं, तो करेंगे, लेकिन अगर आप नहीं चाहते, तो कोई भी ताकत आपको मजबूर नहीं कर सकती। यह हर किसी की अपनी पसंद है।
‘प्यार होता है, कंप्रोमाइज नहीं’जब अक्षरा सिंह से पूछा गया कि क्या इंडस्ट्री में यह सच है कि या तो कंप्रोमाइज करो या फिर काम नहीं मिलेगा? इस पर उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया, “यहां प्यार होता है, कंप्रोमाइज नहीं। यहां डायरेक्ट प्यार होता है… और यह हर महीने 20 बार बदल जाता है। फिर लड़कियों को ही गलत ठहरा दिया जाता है।”
अक्षरा ने आगे कहा कि यहां समझौता नहीं, बल्कि इमोशन चलता है। “यहां दिलों में भावनाओं की कोई कमी नहीं है। सबके पास भरपूर इमोशंस हैं और प्यार करने में सबसे आगे रहते हैं।” जब उनसे कहा गया कि यह तो धोखा हुआ, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, शब्द तो प्यार ही है।
‘बेचारी लड़कियां’अक्षरा ने इंडस्ट्री में लड़कियों की स्थिति पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, बेचारी लड़कियां सोचती हैं कि 'मेरा बाबू मुझसे सच्चा प्यार करता है' लेकिन हकीकत में बाबू तो काबू से बाहर होता है। यहां प्यार बहुत आम चीज़ है। उन्होंने यह भी माना कि इंडस्ट्री में कुछ लोग वाकई सीरियस होते हैं, लेकिन बाकी बस यूं ही प्यार का खेल खेलते हैं।