अमेरिकी सिंगर एकॉन (52) पूरी दुनिया में मशहूर हैं। लोग उनकी गायिकी के दीवाने हैं। एकॉन के लाखों-करोड़ों फैन हैं जो उन्हें दिलो-जान से चाहते हैं। उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म 'रा.वन' में ‘छम्मक छल्लो' गाने को अपनी आवाज से सजाया था, जिसके बाद वे हिंदुस्तान में भी लोकप्रिय हो गए। फिलहाल एकॉन से जुड़ी खबर ये है कि उन्होंने तलाक का फैसला किया हैं। वे पत्नी टोमेका थियम से 15 सितंबर को होने वाली शादी की 29वीं सालगिरह से चार दिन पहले ही अलग हो गए हैं। थियम ने हाल ही तलाक के लिए अर्जी दी थी। उनकी शादी 1996 में हुई थी। कपल की एक 17 साल की बेटी जर्नी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक थियम ने तलाक की वजह आपसी मतभेद बताई है। थियम संयुक्त लीगल कस्टडी चाहती हैं, लेकिन चाहती हैं कि बेटी उनके साथ रहे। उन्होंने अदालत से यह भी अनुरोध किया कि जब तक वह जीवनसाथी के रूप में गुजारा भत्ता मांग रही हैं, तब तक एकॉन को किसी भी तरह का जीवनसाथी का भरण-पोषण भुगतान न दिया जाए। थियम एक अमेरिकी उद्यमी और रिकॉर्ड लेबल कार्यकारी हैं। उन्हें एकॉन की दीर्घकालिक पत्नी के रूप में जाना जाता है। बता दें अलियाउन थियाम के नाम से जन्मे एकॉन बहुविवाह प्रथा के बारे में खुलकर बात करते रहे हैं।
साल 2022 में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने खुलासा किया कि उनके 9 बच्चे हैं और वे शादी और डेटिंग, दोनों को ही वास्तविक रिश्ते मानते हैं। उन्होंने अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अपनी भूमिका पर जोर दिया और कहा कि हालांकि वे हमेशा छुट्टियों और सिंगिंग जैसे कार्यक्रमों में मौजूद नहीं रह पाते, लेकिन वे यह सुनिश्चित करते हैं कि उनके परिवार की जरूरतें पूरी हों। एकॉन को साल 2000 के दशक की शुरुआत में ‘लॉक्ड अप’ और ‘स्मैक दैट’ जैसे चार्ट-टॉपिंग सिंगल्स से प्रसिद्धि मिली। एकॉन अन्य कलाकारों के लिए अक्सर हुक्स गाते रहते हैं और उन्हें 200 से ज्यादा गेस्ट एक्टर के रूप में उपस्थिति तथा 32 बिलबोर्ड हॉट 100 गीत गाने का श्रेय प्राप्त है। एकॉन ने ‘स्मैक दैट’, ‘राइट नाउ’, ‘आइ वॉना लव यू’, ‘बोनांजा’ जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं जो चार्ट बस्टर और सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं।
BB 19 में वीकेंड का वार एपिसोड होस्ट करेंगे ‘जॉली एलएलबी 3’ स्टार अक्षय व अरशदसुपरस्टार सलमान खान का रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ इन दिनों धूम मचा रहा है। घर के अंदर सभी कंटेस्टेंट अलग-अलग तरह से खुद को बेस्ट साबित करने में लगे हुए हैं। वे इसके लिए कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। आए दिन ड्रामे हो रहे हैं। कभी किसी के बीच लव स्टोरी की झलक दिखती है तो कभी लड़ाई-झगड़ों से तूफान आ जाता है। अब इस ‘वीकेंड का वार’ को लेकर नई अपडेट सामने आई है। इस वीकेंड पर सलमान शो से गायब रहेंगे। सलमान की जगह अरशद वारसी और अक्षय कुमार होस्ट करेंगे।
सलमान अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग के चलते लद्दाख में हैं। बता दें अरशद को ‘बिग बॉस’ होस्ट करने का एक्सपीरियंस है। साल 2006 में ‘बिग बॉस’ का पहला सीजन ऑन एयर हुआ था। तब शो के पहले होस्ट अरशद ही थे। अब 18 साल बाद उनकी वापसी होने जा रही है। उनका साथ बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय देंगे। अक्षय और अरशद 13 और 14 सितंबर को ‘बिग बॉस’ में नजर आएंगे। वे कंटेस्टेंट्स की क्लास लेने के अलावा उनके साथ मस्ती भी करेंगे।
दरअसल वे अपनी आगामी फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ के प्रमोशन के लिए आ रहे हैं, जो 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। डायरेक्टर सुभाष कपूर की फिल्म ‘जॉली एलएलबी’ की तीसरी सीरीज है। इसके पहले पार्ट में अरशद, बोमन ईरानी, सौरभ शुक्ला और अमृता राव अहम किरदार में नजर आए थे। वहीं दूसरे पार्ट में अक्षय, अन्नू कपूर, हुमा कुरैशी की लीड भूमिका थी।