एक्टर एजाज खान इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं और विवादों के घेरे में आ गए हैं। हाल ही में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है जिसमें एजाज खान पर एक महिला ने बलात्कार का आरोप लगाया है। 30 वर्षीय महिला ने मुंबई पुलिस के चारकोप पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। खबर के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही एजाज खान फरार हैं और पुलिस उन्हें तलाशने में जुटी हुई है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, जैसे ही मामला दर्ज हुआ, एजाज खान पुलिस की पहुंच से बाहर हो गए।
मुंबई के चारकोप पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि एक्ट्रेस ने एजाज खान पर रेप का आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद जब पुलिस ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल बंद मिला। पुलिस जब उनसे मिलने पहुंची तो वे वहां भी मौजूद नहीं थे। अब पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए हर संभव कोशिश कर रही है। आरोप है कि एजाज खान ने महिला को पहले प्रपोज किया और फिर घर ले जाकर दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, एजाज ने महिला से धर्म बदलकर शादी करने का वादा भी किया था।
इसके अलावा एजाज खान पर समाज में अश्लीलता फैलाने का भी केस दर्ज है। 'हाउस एरेस्ट' शो के दौरान उन्होंने एक कंटेस्टेंट के साथ अश्लील हरकतें करने के लिए कहा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद कई लोगों ने एजाज खान और उल्लू एप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। नतीजतन, उल्लू एप ने 'हाउस एरेस्ट' के सभी एपिसोड को हटा दिया। अब एजाज खान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन फिलहाल वे फरार हैं।