2 News : अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ को लेकर आई यह Update, दुर्घटना में चोटिल हुईं ‘सन ऑफ सरदार 2’ की एक्ट्रेस

हाल ही साउथ इंडियन स्टार मोहनलाल ने घोषणा की कि वे ‘दृश्यम 3’ मूवी के लिए ‘जॉर्जकुट्टी’ के रूप में वापसी कर रहे हैं। अब खबर आई है कि अजय देवगन भी हिंदी में ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग शुरू करेंगे। अजय की ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी मोहनलाल की इसी नाम की मलयालम क्राइम थ्रिलर से प्रेरित थी। ‘दृश्यम’ (हिंदी में) साल 2015 में रिलीज हुई थी। फिल्म की सफलता को देखते हुए 7 साल बाद अजय ने साल 2022 में सीक्वल के साथ वापसी की। अब 3 साल बाद इसके तीसरे पार्ट की तैयारी है।

‘दृश्यम’ एक ऐसे व्यक्ति के बारे में है जो परिवार को अप्रत्याशित अपराध करने के बाद कानून के अंधेरे पक्ष से बचाने के लिए हताश कदम उठाता है। पिंकविला की एक रिपोर्ट के अनुसार अजय ने ‘दृश्यम 3’ की स्क्रिप्ट को मंजूरी दे दी है और जुलाई या अगस्त में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी। इससे पहले अजय को किसी और फिल्म की शूटिंग करनी थी, लेकिन अब उन्होंने डायरेक्टर अभिषेक पाठक को डेट्स दे दी हैं। सूत्र ने पोर्टल को बताया कि अजय ‘विजय सलगांवकर’ के रूप में वापसी करने के लिए उत्साहित हैं।

पिंकविला के सूत्र ने बताया कि ‘दृश्यम’ की तीसरी किश्त पर जाने से पहले अजय ‘धमाल 4’, ‘दे दे प्यार दे 2’ और ‘रेंजर’ की शूटिंग पूरी करेंगे। फिलहाल वे ‘दे दे प्यार दे 2’ की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें अजय के साथ रकुलप्रीत सिंह, तब्बू और आर माधवन हैं। अजय अगली बार ‘रेड 2’ में नजर आएंगे। फिल्म 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके बाद उनके पास ‘सन ऑफ सरदार 2’ है, जो जुलाई के अंत में आएगी। अजय आखिरी बार ‘आजाद’ में नजर आए थे। इस फिल्म से उनके भतीजे अमन देवगन और रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
रोशनी वालिया ने लिखा, अभी बहुत दर्द में हूं और…

एक्ट्रेस रोशनी वालिया (22) हाल ही में बाइक दुर्घटना में चोटिल हो गईं। उनकी ड्रेस बाइक के टायर और चेन में फंस गई, जिससे वह गिर गईं और उनकी जांघ में गहरी चोट आई है। इस हादसे को उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। रोशनी ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, “अभी बहुत दर्द में हूं और स्ट्रगल कर रही हूं। यह एक डरावना अनुभव था। मैं आभारी हूं कि कुछ भी ज्यादा गंभीर नहीं हुआ, लेकिन कृपया सावधान रहें!”

उन्होंने अपनी जांघ की चोट की एक तस्वीर भी शेयर की। इसके साथ उन्होंने एक रोने वाली इमोजी भी जोड़ी। इस तस्वीर में वह चोट दिखाते हुए नजर आ रही हैं। रोशनी के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह अब ‘सन ऑफ सरदार 2’ में नजर आएंगी। यह फिल्म अजय देवगन की साल 2012 की फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’का दूसरा पार्ट है।

इसमें मृणाल ठाकुर लीड रोल में हैं। रोशनी ने अजय के साथ यूके शेड्यूल के दौरान ली गई फोटो को शेयर करते हुए लिखा था, “अजय सर की ह्यूमिलिटी और काइंडनेस ने काफी इस्पायर किया है। उनके साथ काम करना मेरे लिए गर्व की बात है।” बता दें रोशनी ने टीवी शो ‘भारत का वीर पुत्र – महाराणा प्रताप’ से शौहरत हासिल की है।