2 News : ऐश्वर्या ने पर्सनैलिटी राइट्स को लेकर लगाई अर्जी, करिश्मा के बच्चों ने इसलिए खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

पूर्व मिस वर्ल्ड और एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन पिछले कुछ समय से पति अभिषेक बच्चन के साथ रिश्ते को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। मीडिया और फैंस अटकलें लगा रहे हैं कि दोनों के रिश्ते में कोई न कोई ऐसी बात है जिससे उनमें दूरियां बनी हुई हैं। हालांकि इस दौरान बीच-बीच में वे जब भी साथ दिखते हैं तो सब शुक्र मनाते हैं कि बात नहीं बिगड़ी। इस बीच ऐश्वर्या एक दूसरे कारण से खबरों में हैं। ऐश्वर्या ने पर्सनैलिटी राइट्स यानी व्यक्तित्व की सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में अर्जी लगाई है। ऐश्वर्या की ओर से सीनियर वकील संदीप सेठी कोर्ट में पेश हुए और उनके व्यक्तित्व के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर बात की।

इसी के साथ ऐश्वर्या ने AI जनरेटेड तस्वीरों और वीडियो के इस्तेमाल पर रोक लगाए जाने की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि उनकी पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स का उल्लंघन किया जा रहा है। ऐश्वर्या ने 'ऐश्वर्या वर्ल्ड डॉट कॉम' और कई अन्य उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ याचिका दायर की है। उनका आरोप है कि व्यक्तिगत लाभ के लिए उनकी छवि का अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके वकीलों, वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप सेठी ने अदालत को बताया कि कुछ अनधिकृत वेबसाइटों पर उनकी तस्वीरें प्रकाशित की जा रही हैं और ये वेबसाइट ऐश्वर्या के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म होने का झूठा दावा कर रही हैं।

यहां तक कि उनकी तस्वीरों और नाम का इस्तेमाल करके 3100 रुपए तक की कीमत वाले मग और टी-शर्ट जैसे सामान भी बेचे जा रहे हैं। ऐश्वर्या की इजाजत के बिना उनके नाम और चेहरे का इस्तेमाल करके कमाई करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि कुल 151 यूआरएल आइडेंटीफाई किए गए है, जिन्हें तुरंत हटाया जाए। साथ ही हर पक्षकार के खिलाफ अलग-अलग निषेधाज्ञा जारी की जाएगी, जिससे भविष्य में वो इसका इस्तेमाल न करे।

बता दें इस मामले की अगली सुनवाई 15 जनवरी 2026 को होगी। कोर्ट इस मामले पर इंजंक्शन ऑर्डर पास कर सकती है। उल्लेखनीय है कि ऐश्वर्या से पहले उनके ससुर अमिताभ बच्चन, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर जैसे सितारे पर्सनैलिटी राइट्स के तहत कोर्ट का रुख कर चुके हैं। ऐश्वर्या के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वह आखिरी बार साल 2023 में रिलीज हुई साउथ इंडियन मूवी ‘पोन्नियन सेलवन : II’ में नजर आई थीं।
करिश्मा कपूर के दिवंगत एक्स पति संजय कपूर की प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद

दिवंगत बिजनेसमैन सोना कॉमस्टार के पूर्व अध्यक्ष संजय कपूर की प्रॉपर्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उनकी एक्स वाइफ एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान कपूर ने पिता की संपत्ति में अपना हिस्सा मांगने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। संजय की लगभग 30000 करोड़ रुपए की संपत्ति है। संजय की कुछ समय पहले 53 साल की उम्र में ब्रिटेन में पोलो खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई थी।

समायरा व कियान ने एक दीवानी मुकदमा दायर कर आरोप लगाया है कि उनकी सौतेली मां प्रिया कपूर (संजय कपूर की तीसरी पत्नी) ने उनके पिता की वसीयत से छेड़छाड़ करने और पूरी संपत्ति हड़पने की कोशिश की है। दोनों भाई-बहन ने संपत्ति का 5वां हिस्सा प्रत्येक को दिए जाने की मांग की है क्योंकि वे संजय कपूर के कानूनी उत्तराधिकारी हैं। बच्चों ने अपने कानूनी प्रतिनिधियों के जरिए दावा किया है कि वे अपने पिता के साथ रेगुलर मीटिंग, मुलाकातों, छुट्टियों, वीडियो और वॉयस कॉल और वन टू वन मैसेज या व्हाट्सएप ग्रुपों के जरिए संपर्क में थे।

दिवंगत उद्योगपति और उनके बच्चों के बीच कई व्हाट्सएप ग्रुप थे। समायरा व कियान अक्सर अपने पिता के साथ राजोकरी हाउस में समय बिताने के लिए दिल्ली आते थे, जहां दोनों ने अपने लिए अलग से कमरे निर्धारित कर रखे थे। वे पिछले कुछ सालों में दिवाली, वीकेंड और अन्य छुट्टियों सहित कई अवसरों पर राजोकरी स्थित उनके घर आते रहे हैं। संजय भी मुंबई स्थित आवास पर आते रहे हैं, जहां समायरा व कियान साल 2009 या उसके आस-पास से रह रहे हैं। जब से समायरा ने अमेरिका में विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया है, वह पिता से न्यूयॉर्क में मिलने जाती रहीं और यहां तक कि पिता भी कई बार बोस्टन में उनसे मिलने आए।

करिश्मा और संजय की शादी साल 2003 में हुई थी। वे साल 2016 में अलग हो गए। बता दें इस मामले में विवाद का विषय 21 मार्च 2025 की एक वसीयत है, जिसमें संजय ने अपनी पूरी निजी संपत्ति प्रिया के नाम कर दी। समायरा और कियान ने आरोप लगाया है कि वसीयत फर्जी है और प्रिया उन्हें उस संपत्ति से बेदखल करके खुद उस पर कब्जा करना चाहती है।