एक्टर चंकी पांडे के भतीजे और अनन्या के कजिन ब्रदर अहान पांडे भी जल्द ही बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। अहान पिछले कई दिनों से अपनी पहली फिल्म ‘सैयारा’ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसमें अहान के अपोजिट एक्ट्रेस अनील पड्डा हैं। अनीत वेब सीरीज ‘बिग गर्ल्स डोंट क्राई’ में अपने अभिनय से चर्चा में आई थीं। फिल्म के लिए अब लोगों को बहुत ज्यादा इंतजार नहीं करना है। यह 18 जुलाई को सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी। इस बीच आज मंगलवार (1 जुलाई) को फिल्म का नया गाना ‘धुन’ रिलीज हो गया। यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
गाने में अहान और अनीत की जोड़ी एकदम नए अवतार में दिखाई दी। इस गाने को मशहूर सिंगर अरिजीत ने अपनी मधुर आवाज के साथ सजाया है। इसे मिथुन ने संगीतबद्ध किया है। मिथुन और डायरेक्टर मोहित सूरी की जोड़ी ने दो दशकों में हिंदी सिनेमा को संगीत के कई अनमोल रत्न दिए हैं ‘जहर’ और ‘कलयुग’ से लेकर ‘मलंग’ और अब ‘सैयारा’ तक। इस लंबे सफर में इन दोनों ने संगीत और सिनेमाई भावनाओं को जिस तरह परोसा है, वह किसी विरासत से कम नहीं।
इसी तरह से अरिजीत और मोहित की साझेदारी ने भी कई अमर गीत दिए हैं जैसे – ‘तुम ही हो’, ‘चाहूं मैं या ना’, ‘हम मर जाएंगे’ (आशिकी 2), ‘हमदर्द’ (एक विलेन), ‘हमारी अधूरी कहानी’ (टाइटल ट्रैक), ‘फिर भी तुमको चाहूंगा’ (हाफ गर्लफ्रेंड), ‘चल घर चलें’ (मलंग)। यह पहली बार है जब प्रेम कहानियों के दो दिग्गज यशराज फिल्म्स और मोहित सूरी एक साथ एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। डायरेक्टर मोहित सूरी ने कहा कि 'धुन' गाना प्यार और जिंदगी में आने वाली मुश्किलों का खूबसूरती के साथ जश्न मनाता है।
इस गाने में हिम्मत और कभी हार न मानने की भावना है। हमें उम्मीद है कि लोग इस गाने को पसंद करेंगे। लोग कहते हैं जब सितारे सही जगह पर आ जाते हैं, तो जादू होता है। मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मेरे जीवन में पहले मिथुन और फिर अरिजीत आए, क्योंकि इनके साथ मैंने अपने सबसे बेहतरीन गाने बनाए हैं। ये दोनों हमारे देश के अद्भुत कलाकार हैं।
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है राजकुमार राव व मानुषी छिल्लर की ‘मालिक’राजकुमार राव ने पिछले कुछ सालों में एक खास मुकाम हासिल कर लिया है। उनकी फिल्में लगातार रिलीज होती रहती हैं और सभी को अच्छा रिस्पोंस मिलता है। फिलहाल फैंस उनकी अगली फिल्म ‘मालिक’ का इंतजार कर रहे हैं। आज मंगलवार (1 जुलाई) फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। ट्रेलर दमदार और फैंस के होश उड़ाने वाला है। राजकुमार का अंदाज, डायलॉग भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाने का काम कर रहे हैं। राजकुमार बिल्कुल अलग अवतार में नजर आ रहे हैं। वे गैंगस्टर बने हैं।
राजकुमार ने पिछली कुछ फिल्मों में कॉमेडी पर ज्यादा जोर दिया था। फिल्म 11 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें राजकुमार के अपोजिट एक्ट्रेस मानुषी छिल्लर हैं। सौरभ शुक्ला भी अहम किरदार में दिखाई दे रहे हैं। कुमार तौरानी और जय शेवक्रमण द्वारा निर्मित यह फिल्म शक्ति, वफादारी, विश्वासघात और एक व्यक्ति के सब पर राज करने की कहानी है। ‘भक्षक’ और ‘बोस डेट/अलाइव’ जैसी टीवी सीरीज के लिए मशहूर पुलकित इस फिल्म का निर्देशन करेंगे।
फिल्म की कहानी एक सामान्य परिवार में पैदा हुए लड़के की है, जो पावर पाना चाहता है। इसके लिए वो हथियार उठाता है और इलाहबाद का मालिक बन जाता है। क्या इलाहबाद के बाहुबली मालिक की बढ़ती शान को स्वीकार कर पाएंगे? और अगर मालिक के खिलाफ जाने का फैसला करेंगे तो खून की कितनी नदियां बहेंगी, ये फिल्म देखने पर ही पता चलेगा।