2 News : अहान-अनीत की फिल्म ‘सैयारा’ का ट्रेलर हुआ रिलीज, इस मशहूर गीतकार ने दुनिया को कहा अलविदा

यश राज फिल्म्स (YRF) की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सैयारा' इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है। आज मंगलवार (8 जुलाई) को इसका ट्रेलर रिलीज हो गया। इसके सामने आते ही फैंस खुश हो गए और वे इसे सोशल मीडिया पर जमकर वायरल कर रहे हैं। फिल्म के डायरेक्टर मोहित सूरी हैं। इसमें चंकी पांडे के भतीजे पहली बार बड़े पर्दे पर एक्टिंग करते नजर आएंगे। उनकी जोड़ी एक्ट्रेस अनीत पड्डा के साथ बनी है। फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे जेन-जेड की नई आशिकी के रूप में देखा जा रहा है। '

सैयारा' एक इमोशनल और म्यूजिकल लव स्टोरी है, जो प्यार, जुनून, और दिल टूटने की कहानी दर्शाती है। ट्रेलर में अहान एक रॉकस्टार के किरदार में दिखते हैं, जो अपनी रग्ड चार्म और भावनात्मक गहराई से दर्शकों को बांध लेते हैं। दूसरी ओर अनीत अपनी आवाज और दमदार अभिनय से कहानी को नया रंग देती हैं। ट्रेलर की शुरुआत अनीत की आवाज में एक कविता से होती है, जो 'सैयारा' के अर्थ को खूबसूरती से बयां करती है – “एक तारा जो चमकता है, लेकिन हमेशा पहुंच से बाहर रहता है।” अनीत इससे पहले 'बिग गर्ल्स डोंट क्राय' और 'सलाम वेंकी' में नजर आ चुकी हैं।

ट्रेलर देखकर आपको आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर स्टारर ‘आशिकी 2’ की भी याद आएगी। ट्रेलर के कई सीन ‘आशिकी 2’ की तरह दिखते हैं, लेकिन ट्रेलर देखकर कहा जा सकता है कि इस बार हीरो मरेगा नहीं, बल्कि एक ‘सैयारा’ बनकर यानि तारा बनकर चमकने वाला है। मोहित की फिल्में शानदार म्यूजिक के लिए जानी जाती हैं। फिल्म का टाइटल ट्रैक तनिष्क बागची, फहीम अब्दुल्लाह और अर्सलान निजामी ने कंपोज किया है और इरशाद कामिल के बोल हैं। यह पहले ही धूम मचा रहा है। इसके अलावा, 'बरबाद' और 'हमसफर' जैसे गाने भी लोकप्रिय हो चुके हैं।
दिग्गज संगीतकार एमएम कीरवानी के पिता थे गीतकार शिवा शक्ति दत्ता

मनोरंजन जगत से एक दुखद समाचार सामने आ रहा है। मशहूर संगीतकार एमएम कीरवानी के पिता और गीतकार शिवा शक्ति दत्ता ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वे 92 साल के थे। दत्ता तेलुगु सिनेमा से बतौर पटकथा लेखक, निर्देशक और निर्माता भी जुड़े हुए थे। दत्ता ने सोमवार (7 जुलाई) रात हैदराबाद स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली। वे 'बाहुबली' और 'RRR' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के डायरेक्टर एसएस राजामौली के पिता लेखक विजयेंद्र प्रसाद के बड़े भाई थे।

साउथ इंडस्ट्री से जुड़े लोग और प्रशंसक दत्ता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। शिवा कमाल के गीत लेखन से जाने जाते थे। वे संस्कृत के अच्छे जानकर थे। उन्होंने कई सफल फिल्मों के गाने लिखे। पिछले कुछ सालों में उन्होंने कई हिट फिल्मों जैसे 'बाहुबली', 'RRR', 'एनटीआर: कथानायकुडु', 'हनुमान' और 'साईं' के लिए यादगार गाने लिखे। उनके लिखे गए गानों पर लोगों ने खूब प्यार लुटाया। 'जियो रे बाहुबली' भी शिवा की कलम से ही निकला था। शिवा ने विजयेंद्र प्रसाद के साथ फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था।

उन्होंने साल 1988 में अपना करिअर फिल्म ‘जानकी रामुडु’ से शुरू किया था, जहां उन्होंने लेखक और गीतकार दोनों के रूप में काम किया। उन्होंने 'अर्धांगी' और 'चंद्रहास' जैसी फिल्मों के जरिए निर्देशन में भी हाथ आजमाया, लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं। दत्ता के बेटे कीरवानी तब दुनियाभर में चर्चा का विषय बने थे, जब 'RRR' में उनके गाने 'नाटू-नाटू' ने 'बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग' श्रेणी में ऑस्कर जीतकर इतिहास रच दिया था।