एक्शन सीन करते वक्त घायल हुईं ‘द केरल स्टोरी’ फेम अदा शर्मा, बोलीं- 'अब तो मैं एक एक्शन हीरोइन जैसी दिखती हूं'

‘द केरल स्टोरी’ से हर दिल में जगह बना चुकीं एक्ट्रेस अदा शर्मा इन दिनों अपनी अगली एक्शन-थ्रिलर फिल्म की शूटिंग में जुटी हुई हैं। लेकिन इसी दौरान उनके साथ एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक्शन सीन शूट करते हुए अदा की नाक में गंभीर चोट लग गई। हालांकि, इसके बावजूद भी उनका हौसला टूटता नजर नहीं आया।

फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया कि अदा इस फिल्म में पहले से भी ज्यादा दमदार एक्शन करती दिखेंगी। ये हादसा एक स्टंट के रिहर्सल के दौरान हुआ, जब सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन एक मूवमेंट चूक जाने से अदा की नाक पर चोट लग गई। ‘कमांडो 2’ और ‘कमांडो 3’ में उन्होंने जो एक्सन का जलवा दिखाया था, उसी को अब इस फिल्म में और ऊंचाई देने जा रही हैं।

दर्द में भी नहीं टूटा हौसला, शूटिंग करती रहीं अदा

चोट लगने के बावजूद अदा ने शूटिंग जारी रखी, जो उनके प्रोफेशनलिज़्म और पैशन को बखूबी दर्शाता है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “दर्द तो चलता रहता है, लेकिन सिनेमा कभी रुकना नहीं चाहिए। अब मैं सच में एक एक्शन हीरोइन जैसी दिखती हूं।” उन्होंने ये भी बताया कि जिस रात चोट लगी, अगली सुबह उन्हें एक रोमांटिक म्यूजिक वीडियो की शूटिंग करनी थी। अदा ने आइस पैक और मेकअप की मदद से चोट को छिपाया और बिना रुके काम किया।
कई बड़े प्रोजेक्ट्स में दिखेंगी अदा

अदा शर्मा की अपकमिंग फिल्म को लेकर ज्यादा खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन वो एक नई हॉरर फिल्म में भी नजर आने वाली हैं। साथ ही, एक तीन भाषाओं में बन रही फिल्म में देवी की भूमिका में भी दिखाई देंगी, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। फिल्म का निर्देशन बीएम गिरिराज कर रहे हैं। इसके अलावा अदा 'रीता सान्याल सीजन 2' में भी नजर आएंगी।

भावुक होकर कही ये बात


अदा ने कहा, “मुझे इतने अच्छे किरदार निभाने का मौका मिल रहा है, मैं वाकई खुद को बहुत लकी मानती हूं। चाहे ‘द केरल स्टोरी’ जैसी दमदार स्क्रिप्ट हो या ‘रीता सान्याल’ जैसा चुनौतीपूर्ण रोल, मैं हर किरदार में सच्चाई और गहराई लाने की पूरी कोशिश करती हूं।”