मशहूर एक्टर और प्रोड्यूसर धीरज कुमार ने आज मंगलवार (15 जुलाई) को दुनिया को अलविदा कह दिया। धीरज 79 साल के थे। वे बीते कुछ दिनों से निमोनिया से जूझ रहे थे और उनका कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। उनकी हालत बेहद गंभीर थी। निधन के वक्त वे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर्स उनकी जान नहीं बचा सके। उनकी मौत की खबर से बॉलीवुड में मातम छा गया है।
फैंस उनके निधन से बेहद दुखी हैं। निधन से कुछ वक्त पहले उनके परिवार और प्रोडक्शन टीम ने उनकी सेहत के बारे में जानकारी दी थी और मीडिया से उनकी निजता का सम्मान करने की गुजारिश की थी। उन्होंने एक बयान जारी करते हुए कहा था कि धीरज कुमार डॉक्टर्स की गहन निगरानी में हैं और उनका इलाज चल रहा है। परिवार उनकी तेजी से रिकवरी के लिए दुआ कर रहा है। उल्लेखनीय है कि धीरज साल 1965 में एक टैलेंट हंट कॉन्टेस्ट के जरिए फिल्मों में आए थे।
दिवंगत एक्टर राजेश खन्ना ने यह प्रतियोगिता जीती थी और धीरज फाइनलिस्ट रहे। धीरज ने करिअर की शुरुआत में मॉडलिंग की, कई विज्ञापन किए और फिर फिल्मों में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म ‘दीदार’ थी और फिर आई आई ‘रातों का राजा।’ ये दोनों ही फिल्में साल 1970 में रिलीज हुईं। उन्हें देव आनंद की ‘हीरा पन्ना’ और मनोज कुमार की ‘रोटी कपड़ा और मकान’ से खास पहचान मिली। इसके बाद वे ‘क्रांति’ और ‘सरगम’ जैसी सफल फिल्मों में भी अहम रोल में नजर आए।
धीरज कुमार ने दर्शकों के लिए बनाए ‘ओम नम: शिवाय’ सहित कई धार्मिक सीरियलउन्होंने पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया और वहां सुपरस्टार बन गए। धीरज ने कई धार्मिक धारावाहिकों का निर्माण और निर्देशन किया। उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘क्रिएटिव आई’ की भी शुरुआत की, जिसके तहत वे लंबे समय तक सीरियल्स का निर्माण करते रहे। उनके बैनर तले ‘ओम नमः शिवाय’, ‘श्री गणेश’, ‘जय संतोषी मां’ और ‘जप तप व्रत’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो बनाए गए। इसके अलावा धीरज ने ‘संसार’, ‘अदालत’, ‘कहां गए वो लोग’, ‘मायका’, ‘घर की लक्ष्मी बेटियां’ जैसे 35 से ज्यादा शो प्रोड्यूस किए। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने साल 2004 में आई फिल्म 'आबरा का डाबरा' का निर्देशन किया।
हाल में धीरज ने नवी मुंबई के खारघर इलाके में स्थित इस्कॉन मंदिर के उद्घाटन समारोह में भाग लिया था। जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के प्रयासों की सराहना की थी। इस दौरान वो बिल्कुल ठीक नजर आए। इस बीच CINTAA ने X (ट्विटर) पर एक्टर के निधन पर शोक जताते हुए लिखा, “श्री धीरज कुमार जी के निधन से हम दुखी हैं। वे 1970 से CINTAA के एक आदरणीय सदस्य रहे हैं। उनके योगदान और उपस्थिति को हम हमेशा याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।”