गुजरे जमाने के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के भतीजे और सनी व बॉबी के चचेरे भाई एक्टर अभय देओल को भी फिल्मी दुनिया में लंबा समय हो गया है। अभय चुनींदा फिल्में ही करते हैं और इनमें अपनी दमदार अदाकारी से जान भर देते हैं। ऐसे में फैंस को अभय से काफी उम्मीदें रहती हैं। फिलहाल अभय अपने काम के बजाय किसी और कारण से सुर्खियों में हैं। दरअसल हाल ही 49 साल के अभय ने खुद की शादी और बच्चों के मुद्दों पर खुलकर बात की। अभय ने बताया कि उन्होंने अभी तक शादी कर घर क्यों नहीं बसाया। अभय ने डॉ. जय मदान के साथ बातचीत में बताया कि शादी करना और माता-पिता बनना उनकी जिंदगी के प्लान में शामिल नहीं है।
अभय ने कहा कि मैं बच्चे नहीं चाहता। अगर मुझे घर बसाना होता तो भी मैं खुद के बच्चे पैदा करने के बजाय बच्चे को गोद लेना पसंद करता। मुझे नहीं पता कि मैं इस धरती पर बच्चा क्यों लाऊं? मैं बस दुनिया को देखता हूं और इसके बारे में सोचता हूं। जब अभय से पूछा गया कि क्या वो इस धरती पर खुश नहीं हैं, तो इस पर जवाब देते हुए अभय ने कहा कि मैं यहां बहुत खुश हूं। लेकिन इस धरती पर पहले से ही आबादी का बहुत ज्यादा बोझ है। इस पर और बढ़ती आबादी का बोझ नहीं डाला जा सकता।
सभी को इस धरती पर ज्यादा आबादी बढ़ाने से बचने की कोशिश करनी चाहिए। इसलिए मैं बच्चे नहीं चाहता। मुझे नहीं पता कि मैं पिता की जिम्मेदारी सही से निभा पाऊंगा या नहीं। अगर ऐसा कुछ होता है तो मैं अपनी भावनाओं को कैसे संभाल पाऊंगा? मुझे नहीं पता कि मैं पापा बनने के बाद कैसा महसूस करूंगा, लेकिन मुझे लगता है कि अगर मेरा बच्चा होता तो मैं अभी जितना कंट्रोलिंग और पजेसिव हूं, उससे ज्यादा ही होता। बता दें अभय ने ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘आयशा’, ‘देव डी’ जैसी फिल्मों में काम किया है। वर्कफ्रंट की बात करें तो अभय पिछली बार इसी साल आई फिल्म ‘बन टिक्की’ में नजर आए थे। इसमें उनके साथ शबाना आजमी और नुसरत भरूचा भी थे।
अक्षय कुमार ने 5 करोड़ रुपए देने का किया ऐलान, कहा-मेरे लिए, यह मेरी सेवा है…पंजाब अपने इतिहास की सबसे भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। इस आपदा में कई लोगों की मौत हो चुकी है और 23 जिलों के गांव जलमग्न हो चुके हैं। फिल्मी सितारे दिल खोलकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं। इस बीच अक्षय कुमार ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। अक्षय ने राहत और बचाव कार्य के लिए 5 करोड़ देने का ऐलान किया है। अक्षय ने अपने इस कदम को दान नहीं, बल्कि सेवा का कार्य बताया है। अक्षय ने कहा कि मैं इस पर अपने विचार पर कायम हूं।
हां, मैं पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री खरीदने हेतु 5 करोड़ रुपए दे रहा हूं, लेकिन मैं कौन होता हूं किसी को 'दान' देने वाला? जब मुझे मदद का हाथ बढ़ाने का मौका मिलता है, तो मैं खुद को खुशकिस्मत समझता हूं। मेरे लिए, यह मेरी सेवा है, मेरा बहुत छोटा सा योगदान है। मैं प्रार्थना करता हूं कि पंजाब में मेरे भाइयों और बहनों पर आई प्राकृतिक आपदा जल्द ही दूर हो जाए। रब मेहर करे। बता दें सोनू सूद ने भी एक हेल्पलाइन शुरू की है और अपने फाउंडेशन के माध्यम से जरूरी सामान डिस्ट्रिब्यूट किया।
इसके अलावा दिलजीत दोसांझ, एमी विर्क, रणदीप हुड्डा, करण औजला, गुरदास मान, बब्बू मान, रंजीत बावा, सतिंदर सरताज और कपिल शर्मा सहित कई अन्य हस्तियां भी किसी न किसी तरह से मदद में जुटी हुई हैं। अक्षय के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी पिछली फिल्म ‘हाउसफुल 5’ थी, जिस पर फैंस ने काफी प्यार लुटाया। अक्षय बॉलीवुड के सबसे बिजी एक्टर्स में से एक हैं, जिनकी फिल्में लगातार रिलीज होती रहती हैं।