फिल्म रांझणा के AI से बदले गए वर्जन को लेकर फिल्म निर्देशक आनंद एल राय ने गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा करते हुए इसे विश्वासघात और गहरा अपमानजनक बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस वर्जन के निर्माण में उनकी कोई सहमति या भागीदारी नहीं थी और यह पूरी तरह से अनधिकृत है।
आनंद एल राय ने लिखा, “पिछले तीन हफ्ते बेहद अस्वाभाविक और परेशान करने वाले रहे हैं। रांझणा, जो एक संवेदनशील, संघर्षपूर्ण और रचनात्मक यात्रा से जन्मी थी, उसे मेरी जानकारी या अनुमति के बिना बदलना, नया रूप देना और दोबारा रिलीज़ करना—यह मेरे लिए पूरी तरह से तोड़ देने वाला अनुभव रहा है। और जिस लापरवाही से यह किया गया है, वह और भी अधिक निराशाजनक है। लेकिन इस सबके बीच मुझे इंडस्ट्री, दर्शकों और रचनात्मक समुदाय से जो समर्थन मिला, उसने मुझे याद दिलाया कि रांझणा क्या था — जुड़ाव, साहस और सच्चाई का प्रतीक।”
उन्होंने आगे कहा कि न तो उन्होंने और न ही ओरिजिनल टीम ने इस बदले हुए वर्जन में कोई हिस्सा लिया है। “रांझणा हमारे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं थी — यह इंसानी हाथों से बनाई गई एक कृति थी, जिसमें मानवीय त्रुटियाँ और भावनाएँ थीं। AI से बनाया गया नया वर्जन कोई श्रद्धांजलि नहीं बल्कि एक गैर-जिम्मेदाराना कदम है, जो फिल्म की आत्मा, संदर्भ और भावना को छीन लेता है।”
राय ने इसके साथ ही फिल्म की मूल रचनात्मक टीम — लेखक, कलाकार, संगीतकार, गीतकार, तकनीशियन और पूरे क्रू — को सम्मानपूर्वक याद किया और कहा कि इस मामले में रचनात्मक अधिकार और सहमति की अनदेखी बेहद चिंताजनक है।
उनका यह बयान Eros International द्वारा एक आधिकारिक बयान जारी करने के कुछ दिन बाद आया, जिसमें कंपनी ने राय के बयानों को तथ्यात्मक रूप से गलत और ध्यान भटकाने की कोशिश बताया। उन्होंने दावा किया कि राय का यह सार्वजनिक बयान उनकी कानूनी परेशानियों से ध्यान हटाने के उद्देश्य से किया गया है। बता दें कि आनंद एल राय पहले ही एक इंटरव्यू में कह चुके थे कि फिल्म के अंत को बदलने के निर्णय में उनकी कोई भागीदारी नहीं थी।
रांझणा, जिसमें धनुष और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में थे, 2013 में रिलीज़ हुई थी और इसे दर्शकों से खूब सराहना मिली थी। अब इसका AI वर्जन नए अंत के साथ फिर से रिलीज़ किया गया है, जिसे लेकर भारी विवाद खड़ा हो गया है।