आमिर खान की पहचान बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट के रूप में हैं। वे अपनी फिल्मों पर बहुत गंभीरता के साथ काम करते हैं और छोटी से छोटी चीज का भी ध्यान रखते हैं। आमिर अपने काम के साथ निजी जिंदगी को लेकर भी खबरों में बने रहते हैं। फिलहाल आमिर एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। इस बार मामला आमिर की कथित टिप्पणी से जुड़ा है, जो साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'कुली' को लेकर थी। आमिर ने भी इसमें कैमियो रोल किया है। सोशल मीडिया पर अफवाहें उड़ीं कि आमिर ने 'कुली' की कहानी और प्रस्तुति की आलोचना की थी। कुछ पोस्ट्स में दावा किया गया कि आमिर ने एक इंटरव्यू में 'कुली' की कहानी को कमजोर बताया।
बात इतनी बढ़ गई कि आमिर और रजनीकांत के प्रशंसक उलझ गए और एक-दूसरे पर निशाना साधने लगे। हालांकि अब आमिर की टीम ने इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि एक्टर ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया। उन्होंने कहा, “आमिर खान का रजनीकांत और निर्देशक लोकेश कनगराज के प्रति बहुत सम्मान है। 'कुली' को लेकर उनकी कथित नकारात्मक टिप्पणी की खबरें पूरी तरह निराधार और गलत हैं। आमिर इंडस्ट्री में सभी सहकर्मियों का सम्मान करते हैं और ऐसी अफवाहों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है, जो अपने आप में सब कुछ कह देती है।”
सच्चाई सामने आने के बाद अब आमिर और रजनीकांत को चाहने वालों की गलतफहमी दूर हो गई है। बता दें वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट में आमिर के हवाले से कहा गया था कि मैंने कैमियो रजनी सर के लिए किया था, लेकिन आज तक नहीं समझ पाया कि मेरा किरदार था क्या। ऐसा लगा कि मैं बस आया, दो लाइनें बोलीं और चला गया। न कोई मकसद था, न कोई सोच। सीन काम नहीं कर पाया।
उल्लेखनीय है कि 'कुली' ने 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। रजनीकांत की दमदार अदाकारी और लोकेश कनगराज के शानदार डायरेक्शन ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म की कहानी और एक्शन सीक्वेंस की खूब तारीफ हो रही है। आमिर के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उनकी लीड हीरो के रूप में पिछली फिल्म जून में रिलीज हुई ‘सितारे जमीन पर’ थी, जो लोगों को बहुत पसंद आई।
‘इंडियाज गॉट टेलेंट’ का प्रोमो जारी, सिद्धू ने कहा-दुनिया में सबसे बड़ा रोग…जल्द ही रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट टेलेंट’ का नया सीजन धमाल मचाने वाला है। इस शो की खास बात यह है कि इसे पूर्व भारतीय क्रिकेटर व कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू जज करने वाले हैं। शो का एक प्रोमो भी रिलीज हो गया है जिसमें वे बतौर जज दिख रहे हैं। सिद्धू एक धमाकेदार लाइन बोलते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, “दुनिया में सबसे बड़ा रोग मेरे बारे में क्या कहेंगे लोग?” यह उन लोगों की परेशानियों को दिखाती है जिन्हें समाज की सोच रोकती है। इसमें टैगलाइन भी दी गई है।
‘जो अजब है वो गजब है’ इस सीजन की असली रुह की बखूबी पेश करती है। शो के बारे में सिद्धू ने कहा कि मैं उन टैलेंट्स को देखने के लिए एक्साइटेड हूं जो अनोखे, क्रिएटिव हैं और इतनी हिम्मत रखते हैं कि आम सोच को चैलेंज कर पाएं। ये कमाल के टैलेंट्स न सिर्फ पूरे देश को हैरान करने वाले हैं बल्कि अनगिनत लोगों को अपने सपनों का पीछा करने के लिए प्रेरित भी करने वाले हैं।
बता दे शो का प्रीमियर 4 अक्टूबर से होगा। शो हर शनिवार रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर टेलीकास्ट होगा। उल्लेखनीय है कि सिद्धू इन दिनों नेटफ्लिक्स पर जारी ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में अर्चना पूरन सिंह के साथ जज की भूमिका निभा रहे हैं। यह शो जल्द ही खत्म होने वाला है।