2 News : ‘सैयारा’ के हिट होने पर आमिर ने दी यह रिएक्शन, यूजर पर पलटवार कर तनीषा ने बताया फिल्म की सफलता का राज

सुपरस्टार आमिर खान इन दिनों अपनी फिल्म 'सितारे जमीन पर' को लेकर सुर्खियों में हैं। जून में सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म को काफी अच्छा रिस्पोंस मिला। लोगों को इसकी कहानी और आमिर की एक्टिंग बहुत पसंद आई। आमिर को भी इससे काफी राहत मिली है क्योंकि उनकी पिछली फिल्म लाल सिंह चड्ढा (2022) फ्लॉप हो गई थी। इस बीच आमिर ने एक इवेंट में इस समय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही फिल्म ‘सैयारा’ के बारे में बात की। आमिर ने इस फिल्म की सफलता के पीछे का कारण बताते हुए कहा कि वो भी हर तरह की ऑडियंस के लिए फिल्में बनाना चाहते हैं।

आमिर ने कहा कि हर जनरेशन की अपनी एक पसंद होती है। अलग-अलग ग्रुप्स अलग तरह का कंटेंट पसंद करते हैं। जैसे आज की यंग ऑडियंस ‘सैयारा’ को काफी पसंद कर रही है और ये फिल्म बड़ी हिट बन चुकी है। एक क्रिएटिव इंसान के तौर पर मेरी कोशिश रहती है कि मैं हर तरह की फिल्में बना सकूं, जेन जेड के लिए भी, बच्चों के लिए भी, और अलग-अलग टॉपिक्स पर भी। ‘सैयारा’ जैसी फिल्में यह दिखाती हैं कि कंटेंट अगर दिल से बनाया जाए तो वह हर उम्र की ऑडियंस से कनेक्ट कर सकती है। मैं भी अपनी फिल्मों के जरिए हर वर्ग के ऑडियंस तक पहुंचना चाहता हूं।

इससे पहले आमिर के प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर एक नोट शेयर कर ‘सैयारा’ की पूरी टीम को सफलता के लिए बधाई दी। इसमें लिखा था, “सैयारा की शानदार थिएट्रिकल सफलता पर पूरी टीम को ढेर सारी बधाई। अहान पांडे और अनीत पड्डा ने अपने डेब्यू में जिस सहजता और गहराई के साथ अभिनय किया है, वो काबिल-ए-तारीफ है। मोहित सूरी ने फिल्म में अपनी खास इंटेंसिटी और पैशन को खूबसूरती से उतारा है और इस मधुर व दिल को छू लेने वाली कहानी को प्रोत्साहित करने के लिए यशराज फिल्म्स को पूरा क्रेडिट जाता है।”
यशराज फिल्म्स की क्रिएटिव डवलपमेंट हेड तनीषा मुखर्जी ने ‘सैयारा’ के लिए कहा…

मोहित सूरी के निर्देशन में बनी ‘सैयारा’ की रिलीज के बाद से GenZ दर्शकों के बीच इसकी कहानी और इमोशंस की खूब तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें युवा दर्शक फिल्म देखकर भावुक होकर रोते-चिल्लाते दिख रहे हैं। इस बीच एक इंस्टाग्राम क्रिएटर ने दावा किया कि मेकर्स ने कुछ GenZ दर्शकों को पैसे देकर थिएटर्स में ड्रामेटिक रिएक्शन देने के लिए कहा था। इस पोस्ट में 500 रुपए दिहाड़ी का जिक्र था। इस पर काजोल की बहन और यशराज फिल्म्स की क्रिएटिव डवलपमेंट हेड तनीषा मुखर्जी ने पलटवार किया है।

तनीषा ने कहा कि ‘सैयारा’ की सफलता इसकी कहानी और अहान पांडे-अनीत पड्डा की केमिस्ट्री की वजह से है, न कि किसी पेड स्ट्रैटेजी की वजह से। तनीषा ने क्रिएटर से माफी मांगने को कहा और ऐसी अफवाहें फैलाने से बचने की सलाह दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने तनीषा की बात सही मानी, जबकि कुछ ने कहा कि क्रिएटर ने मजाक में यह बात कही होगी। बता दें तनीषा ने भी काजोल की जैसे पहले एक्टिंग को ही अपना करिअर बनाया था। हालांकि कुछ फिल्मों के फ्लॉप होने के बाद वह एक्टिंग से दूर हो गईं। तनीषा ‘बिग बॉस’ में भी हिस्सा ले चुकी हैं।