बॉलीवुड की मशहूर म्यूजीशियन जोड़ियाँ

जब भी हमारा मन दुखी होता है या जब भी हम बहुत खुश होते हैं तो गाना सुनने का मन होता है। गानों में जान डालता है उसका संगीत। जो सिर्फ सुनने में मीठा नहीं लगता है, बल्कि इससे हमारे मन की भावनाओं को उड़ान भरने का भी मौका मिलता है। आज हम आपको बॉलीवुड के उन म्यूजीशियन के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी जोड़ी ने खूब धूम मचाई। इन सभी ने जोड़ियों में मिलकर बहुत ही अच्छा काम किया हैं, आइये जानते हैं उनके बारे में।

# कल्याणजी-आनंदजी

हिंदी फिल्मों के इतिहास में संगीत का जिक्र आते ही 'कल्याणजी आनंदजी' का जिक्र भी जरूर होता है, जिन्होंने 'डॉन', 'बैराग', 'सरस्वतीचन्द्र', 'त्रिदेव', 'सफर' जैसी बेहतरीन फिल्मों को संगीत से सजाया है और 1975 की फिल्म 'कोरा कागज' के लिए इस जोड़ी को फिल्मफेयर अवार्ड से भी नवाजा था। दोनों भाइयों की जोड़ी ने बॉलीवुड में कई सालों तक अपना दबदबा बनाये रखा। कल्याणजी-आनंदजी ने अपने फ़िल्मी करियर में लगभग 250 के आस पास फिल्मों में संगीत का जादू बिखेरा। इन दोनों भाइयों की आखिरी फिल्म प्रतिज्ञाबद्ध थी।

# लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल

बॉलीवुड में सुप्रसिद्ध संगीत जोडी लक्ष्मीकांत-प्यारे लाल ने अपने कई सुपरहिट संगीतबद्ध गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया लेकिन अमर अकबर एंथनी का गीत संगीत जगत की अमूल्य धरोहर के रूप में आज भी याद किया जाता है। लक्ष्मीकांत प्यारेलाल को सात बार सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने अपने चार दशक से अधिक लंबे सिने करियर में लगभग 500 फिल्मों को संगीतबद्व किया।

# विशाल-शेखर

विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी से बनी यह जोड़ी बॉलीवुड की मशहूर संगीत जोड़ियों में से एक है। ये जानते हैं कि आज का यूथ क्या सुनना चाहता है इसलिए ये वैसी ही धुन बनाते हैं। इस जोड़ी ने ख्याति तब पाई जब उन्होंने झनकार बीट्स फिल्म के लिए संगीत बनाया, जिसमें शामिल था हिट गाना तू आशिकी है । उनकी मेहनत तब रंग लाई जब उन्होंने झनकार बीट्स के लिए फिल्मफेयर आरडी बर्मन अवार्ड फॉर न्यू म्यूज़िक टेलेंट जीता।

# सलीम-सुलेमान

ये जोड़ी पिछले दस सालों से बॉलीवुड में अपने संगीत से दर्शकों को बांधने में कामयाब होती आई है। इस जोड़ी का नाम है सलीम और सुलेमान। जो कि आज बॉलीवुड की सबसे फेमस संगीतकारों से एक हैं। फिल्म ‘चक दे इंडिया’ के टाइटल सॉन्ग से ये जोड़ी खूब फेमस हुई। सलीम और सुलेमान दोनों ही सगे भाई हैं। संगीत के अलावा गायन में भी यह जोड़ी अव्वल मानी जाती है। इस जोड़ी ने कई भारतीय पॉप बैंड के लिए भी अपना संगीत दिया है।