2 News : ‘बागी 4’ में लगे 23 कट, रिलीज से ठीक पहले आया गाना, निक ने शेयर किया प्रियंका के साथ मजेदार वीडियो

एक्टर टाइगर श्रॉफ की फिल्म 'बागी 4' का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, जो अब खत्म होने को है। फिल्म शुक्रवार (5 सितंबर) को सिनेमाघरों में पहुंच जाएगी। फिल्म से जुड़ी ताजा अपडेट ये है कि सेंसर बोर्ड ने इसे 'A' सर्टिफिकेट दिया है। फिल्म का रन टाइम 2 घंटे 43 मिनट और 50 सैकंड रहेगा। इसी के साथ 'बागी 4' पर सेंसर बोर्ड की कैंची भी चल गई है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक सेंसर बोर्ड ने फिल्म के 23 सीन पर कट लगाए हैं। कुछ सीन को फिल्म से हटा दिया गया है। 'कंडोम' वाले सीन म्यूट किए गए हैं। 'भाई तुझे कंडोम में ही रहना चाहिए था' संवाद में 'कंडोम' शब्द को म्यूट कर दिया गया।

'तेरा वजूद ही मिट जाएगा गॉड' संवाद में 'सब देखते रह जाएंगे' से बदल दिया गया है। एक सीन में कटे हुए हाथ से सिगरेट जलाते हुए देखा जा रहा है, जिसे अब हटा दिया गया है। यह 13 सैकंड का सीन था। एक सीन में प्रभु यीशू की मूर्ति की ओर चाकू फेंका जाता है, आपत्ति के बाद उसे भी हटा दिया है। कई हिंसक दृश्यों पर कैंची चली है। तीन जगहों पर गला काटने, हाथ काटने और गुंडों को तलवारों से काटकर मार डालने वाले दो सीन भी अब नजर नहीं आएंगे। बता दें फिल्म में टाइगर के साथ संजय दत्त, सोनम बाजवा और हरनाज संधू की भी अहम भूमिकाएं हैं।

इसके डायरेक्टर ए हर्ष हैं, जिन्होंने 'भजरंगी' और 'वेधा' जैसी कन्नड़ फिल्में बनाई हैं। इस बीच फिल्म के मेकर्स ने रिलीज से एक दिन पहले आज गुरुवार (4 सितंबर) को फिल्म का गाना ‘मरजाना’ रिलीज कर फैंस को सरप्राइज दिया है। टाइगर ने इंस्टाग्राम पर गाने का वीडियो शेयर किया है। इस गाने को बी प्राक ने अपनी दमदार आवाज दी है। टाइगर ने कैप्शन में लिखा, “हर लफ्ज में दर्द, हर सुर में मोहब्बत…B Praak की आवाज में #Marjaana हमेशा के लिए आपके साथ रहेगा, गाना रिलीज। ‘एडवांस बुकिंग अभी शुरू! बागी 4 कल सिनेमाघरों में रिलीज!”
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस अक्सर देते हैं कपल गोल्स

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा हमेशा खबरों में बनी रहती हैं चाहे वह फिल्मों में काम कर रही हों या नहीं। उनकी निजी जिंदगी भी सुर्खियों में रहती है। प्रियंका और उनके पति अमेरिकी सिंगर निक जोनस लोगों को कपल गोल्स देते रहते हैं। अब निक ने एक मजेदार वीडियो शेयर किया है। इसमें वे जोनस ब्रदर्स के गाने पर लिप सिंक कर रहे हैं और पीछे प्रियंका किताब पढ़ने में मग्न हैं। जब प्रियंका को अहसास होता है कि निक वीडियो बना रहे हैं तो वह धीरे से झुककर वहां से खिसक लेती हैं। कपल के फॉलोअर्स को ये क्लिप खूब पसंद आ रही है।

वे दोनों की ऐसी मस्ती देख रोमांचित हुए जा रहे हैं। क्लिप में निक मोबाइल का कैमरा ऑन करके ‘बैकवॉर्ड्स’ गाने पर पूरे जोश में लिंपसिंक करते हैं। उनके बैकग्राउंड में प्रियंका एलईडी मास्क लगाकर आराम से बुक पढ़ रही होती हैं। प्रियंका वहां एकदम घरेलू स्टाइल में होती हैं। जब उनकी नजर निक पर पड़ती है तो थोड़ी डिस्टर्ब दिखती हैं। फिर प्रियंका धीरे से नीचे झुककर वहां से निकल जाती हैं।

निक लास्ट में कैमरे पर केला भी फेंकते हैं। उन्होंने कैप्शन में पूछा है, “क्या ये काफी लाउड है?” देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। इस पर फैंस मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि प्रियंका कई सालों बाद जल्द ही भारतीय सिनेमा में वापसी करने वाली हैं। वह एसएस राजमौली की मूवी में महेश बाबू के साथ दिखेंगी।