‘द राजा साब’ का दमदार ट्रेलर रिलीज: प्रभास की भूतिया हवेली में एंट्री, कॉमेडी से हॉरर और फिर एक्शन का तगड़ा तड़का

प्रभास एक बार फिर धमाकेदार वापसी को तैयार हैं और इस बार वो लाए हैं एक अनोखा कॉकटेल – हॉरर, कॉमेडी और एक्शन का, जो दर्शकों को डराएगा भी, हंसाएगा भी और सीट से बांधे भी रखेगा। ‘द राजा साब’ का ट्रेलर आज 29 सितंबर की शाम 6 बजे रिलीज हुआ, और महज कुछ ही मिनटों में इसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। फिल्म के पोस्टर पहले ही वायरल हो चुके थे, लेकिन ट्रेलर ने उत्साह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। जारी होने के एक घंटे के अंदर यूट्यूब पर इस ट्रेलर को 5 करोड़ 23 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे।

3 मिनट 30 सेकेंड के इस ट्रेलर की शुरुआत होती है एक रहस्यमयी हवेली से, जहां अजीब घटनाएं हो रही हैं। यहीं से शुरू होती है प्रभास की जर्नी, जो पहले कॉमेडी के अंदाज में सबको हंसाते हैं, फिर अचानक माहौल बदलता है और कहानी डरावनी दिशा में मोड़ लेती है। हवेली में मौजूद अलौकिक ताकतें धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू करती हैं, और फिर आती है संजय दत्त की एंट्री – एक उग्र और रौबदार अवतार में। उनके संवाद, उनका लुक और स्क्रीन प्रेजेंस दर्शकों पर सीधा असर डालते हैं।

मालविका मोहनन और निधि अग्रवाल फिल्म की ग्लैमर और इमोशनल लेयर को मजबूती देती हैं। दोनों का लुक आकर्षक है और ट्रेलर में उनकी मौजूदगी कहानी में ताजगी लाती है। ट्रेलर के अंतिम हिस्से में प्रभास ‘द राजा साब’ के रूप में अवतरित होते हैं – एक ऐसा किरदार जो अपनी ताकत से दुश्मनों को हवा में उड़ा देता है। उनका डायलॉग – मैं मधुमक्खी नहीं, राक्षस हूं – पहले ही वायरल हो चुका है और फिल्म का सबसे यादगार पल बनता जा रहा है।

फिल्म का निर्देशन मारुति दसारी ने किया है, जो अब तक की अपनी सबसे बड़ी फिल्म लेकर आ रहे हैं। निर्माता टीजी विश्व प्रसाद और कृति प्रसाद के नेतृत्व में पीपल मीडिया फैक्ट्री इस प्रोजेक्ट को ग्रैंड स्केल पर लेकर आई है। ‘द राजा साब’ एक युवा शाही उत्तराधिकारी की कहानी है, जो अपनी विरासत और विद्रोही सोच के साथ सत्ता में आता है और फिर बनता है – द राजा साब। लेकिन उसकी इस यात्रा में सिर्फ सत्ता नहीं, बल्कि रहस्य, रोमांच और राक्षसी ताकतें भी शामिल हैं।

फिल्म में प्रभास, संजय दत्त, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धी कुमार और योगी बाबू जैसे सितारों की फौज नजर आएगी। यह एक मल्टी-जॉनर फिल्म है जो पोंगल के मौके पर 9 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर ने एक बात तो साफ कर दी है – ‘द राजा साब’ एक फुल पैकेज एंटरटेनमेंट फिल्म है, जिसमें कॉमेडी की मिठास है, हॉरर की सिहरन है और एक्शन का रौबदार तड़का।