परेशानियों से मुक्ति पाने के लिए वार के अनुसार आजमाए ये उपाय, होगा कष्टों का निवारण

हिन्दू धर्म में हर दिन किसी ना किसी देवी-देवता या ग्रह से जुड़ा होता हैं। ग्रहों का संबंध व्यक्ति की कुंडली से होता हैं जो शुभ-अशुभ समय का निर्धारण करते हैं। ऐसे में जीवन को समस्याओं या परेशानियों से मुक्त करने के लिए ग्रहों की स्थिति को प्रबल करने की जरूरत होती हैं। आज इस कड़ी में हम आपके लिए वार के अनुसार आजमाए जाने वाले उपायों की जानकारी लेकर आए हैं जिससे ग्रहों की स्थिति आपके अनुकूल होगी और जीवन के कष्टों का निवारण होगा। तो आइये जानते हैं इन उपायों के बारे में।

सोमवार का महाउपाय

सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित होता है। इस दिन शिवलिंग पर जल चढ़ाने से मानसिक शांति का अहसास होता है। शिव पूजा करने से वैवाहिक जीवन से जुड़ी समस्या दूर होती है। इसके साथ ही महामृत्युंजय मंत्र करने से अकाल मृत्यु का डर खत्म होता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सोमवार के दिन तामसिक भोजन खाने से बचना चाहिए।

मंगलवार का महाउपाय

यह दिन संकटमोचन हनुमान को समर्पित होता है। मान्यता है कि इस दिन बजरंगबाण पाठ करने से जीवन संबंधी सभी समस्याएं दूर होती है। इसके साथ इस दिन सिर पर तेल लगाने, नाखून काटने व काले कपड़े पहनने से बचना चाहिए।

बुधवार का महाउपाय

बुधवार का दिन प्रथम पूजनीय गणेश जी को समर्पित होता है। इसदिन विधि-विधान से गणपति देव की पूजा करने से आत्मविश्वास, बुद्धि में वृद्धि होती है। इसके साथ इन दिन किसी को पैसे यानि कर्ज देने से बचना चाहिए।

बृहस्पतिवार का महाउपाय

गुरुवार का दिन भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इन दिन बृहस्पतिदेव यानि विष्णु जी की पूजा करने से जीवन के सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है। इन दिन तामसिक भोजन, नशीले पदार्थों का सेवन करने, कपड़े धोने, बाल काटने व जुआ खेलने से बचना चाहिए।

शुक्रवार का महाउपाय

शुक्रवार का दिन धन की देवी लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है। इन दिन मां लक्ष्मी की पूजा व व्रत करने से धन-संपत्ति, वैभव की प्राप्ति होती है। साथ ही इन दिन देवी संतोषी की भी पूजा की जाती है। ऐसे में शुक्रवार को खट्टे पदार्थ खाने से परहेज रखना चाहिए।

शनिवार का महाउपाय

शनिवार का दिन न्याय के देवता शनिदेव का माना जाता है। इस दिन शनिदेव की पूजा करने और पीपल को जल चढ़ाना शुभ होता है। शनिदेव की कृपा होने से गरीबी, शनिदोष व पापों से छुटकारा मिलता है। मान्याताओं के अनुसार, इस दिन तेल, कोयला, नमक, लोहा, चमड़ा व लकड़ी का सामना खरीदने से बचना चाहिए।

रविवार का महाउपाय

रविवार का दिन सभी ग्रहों के गुरु भगवान सूर्य देव को समर्पित होता है। मान्यता है कि इस दिन उगते सूर्य को जल देने से आत्मविश्वास बढ़ता है। इस दिन नमक खाने से बचना चाहिए।

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं। lifeberrys हिंदी इनकी पुष्टि नहीं करता है। इन पर अमल करने से पहले विशेषज्ञ से संपर्क जरुर करें)