नवरात्रि स्पेशल : घर में करें इन 5 चीजों का आगमन, पाएँगे अपार खुशियाँ

शारदीय नवरात्रि के त्योहार का आज सातवाँ दिन हैं और आज मातारानी के माँ कालरात्रि स्वरुप की पूजा की जाती हैं और उनका आशीर्वाद लिया जाता हैं। नवरात्रि के ये नौ दिन बहुत पावन होते हैं जिसमें आप मातारानी को प्रसन्न कर अपने घर की परेशानियों से छुटकारा पा सकते हैं। नवरात्रि के इन दिनों में कुछ चीजों को घर में लाने से मातारानी की कृपा प्राप्त होती हैं और घर में खुशियाँ आती हैं। अगर आप अभी तक इन चीजों को नहीं लेकर आए हैं तो नवरात्रि के समाप्त होने से पहले ले आए। आइये जानते हैं इन चीजों के बारे में।

* मां लक्ष्मी की तस्वीर

शारदीय नवरात्रि में एक दिन घर में कमल पर बैठी मां लक्ष्मी की तस्वीर लाना शुभ होता है। अगर उनके हाथों से धन वर्षा हो रही हो तो यह और भी अच्छा माना जाता है। इससे घर में खुशी और समृद्धि आती है।

* श्रृंगार का सामान

शारदीय नवरात्रि में एक दिन सोलह श्रृंगार का सामान घर जरूर लाना चाहिए। इसे पूजा स्थल पर विराजमान मां दुर्गा के पास रख देना चाहिए। इससे घर में कभी धन और खुशियों की कमी नहीं होगी।

* मोर का पंख

मां दुर्गा अपने सरस्वती स्वरूप में मोर पर विराजती है। ऐसे में नवरात्रि में एक दिन घर पर मोर का पंख जरूर लाएं। इसे घर में पूजा स्थल पर रखेंगे तो विद्या और धन की कमी नहीं होगी।

* कमल का फूल घर लाएं

शारदीय नवरात्र के नौ दिनों में एक दिन कमल का फूल घर लाएं। अगर फूल नहीं मिलता है उसकी तस्वीर ही लाकर घर में रखें। इससे माता रानी प्रसन्न होती है। घर में धन लक्ष्मी का आगमन होता है।

* चांदी या सोने का सिक्का

घर में चांदी या सोने का सिक्का भी शारदीय नवरात्र में खरीदकर लाने से माता जी की विशेष कृपा होती है। वहीं अगर इस सिक्के पर गणेश जी या फिर लक्ष्मी जी विराजी हो तो और भी लाभकारी होता है।