ज्योतिष शास्त्र में किसी भी ग्रह की चाल बदलना यूं ही नहीं होता, यह हर व्यक्ति के जीवन में कुछ न कुछ प्रभाव जरूर छोड़ता है। 7 जुलाई 2025 से मंगल सिंह राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं, जहां पहले से ही केतु डेरा जमाए बैठे हैं। ये दोनों ग्रह मिलकर एक ऐसी युति बना रहे हैं, जो बेहद संवेदनशील मानी जा रही है – यह युति 28 जुलाई 2025 तक बनी रहेगी। मंगल, जो ऊर्जा, साहस और पराक्रम के प्रतीक हैं और केतु, जो छाया ग्रह माना जाता है, दोनों की जुगलबंदी कुछ राशियों के लिए मानसिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी उतार-चढ़ाव लेकर आ सकती है।
मेष राशिमंगल और केतु की यह युति मेष राशि के पंचम भाव में बन रही है। यह भाव प्रेम, संतान और भावनाओं से जुड़ा है। ऐसे में इस दौरान जातकों को संतान को लेकर मन में चिंता हो सकती है। जीवनसाथी या प्रेमी के साथ छोटी-छोटी बातों पर मनमुटाव बढ़ सकता है। आपको भावनात्मक रूप से संयम रखने की सख्त जरूरत है वरना अनजाने में कोई बात रिश्ते को नुकसान पहुंचा सकती है।
सिंह राशिसिंह राशि के लिए यह समय थोड़ा कठिन हो सकता है क्योंकि यह युति आपके प्रथम भाव में बन रही है, जो आपके मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। इस समय आपको विचलित महसूस हो सकता है, किसी बात का डर या अनजाना तनाव आपको परेशान कर सकता है। ऐसे में अपनों का साथ और धैर्य ही आपको राहत दे सकता है। वैवाहिक जीवन में भी थोड़ी असमझदारी हो सकती है, इसलिए संवाद बनाए रखें।
कन्या राशिकन्या राशि के जातकों के लिए यह युति 12वें भाव में बन रही है, जो विदेश, हानि और स्वास्थ्य से जुड़ा भाव है। जो लोग विदेश में जॉब कर रहे हैं या विदेशी कंपनी से जुड़े हैं, उन्हें सतर्क रहने की जरूरत है। नौकरी में परेशानी आ सकती है, बॉस से अनबन या अचानक ट्रांसफर जैसी स्थितियां बन सकती हैं। साथ ही इस दौरान शरीर के बाएं हिस्से में कोई तकलीफ हो सकती है, इसलिए लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के लिए यह युति अष्टम भाव में बन रही है। यह भाव अचानक घटनाओं, गूढ़ रहस्यों और स्वास्थ्य से जुड़ा होता है। इस समय अचानक किसी यात्रा पर जाना पड़ सकता है, खासकर विदेश यात्रा के योग बन सकते हैं। पेट के निचले हिस्से या कमर से जुड़ी कोई दिक्कत परेशान कर सकती है। छोटी लापरवाही भी बड़ी परेशानी में बदल सकती है, इसलिए सतर्कता बरतें।
डिस्क्लेमर: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और पंचांग आधारित जानकारी पर आधारित है। किसी विशेष निर्णय या अनुष्ठान से पहले योग्य पंडित या ज्योतिषी से परामर्श अवश्य लें।