नकारात्मक शक्ति को नष्ट करता है काला धागा, बांधने से पहले जरूर रखें इन बातों का ध्यान

आपने अक्सर कई लोगों को देखा होगा जो शरीर के कई अंगों में काला धागा पहनते हैं जो कि शनि ग्रह से संबंधित है। अनुकूल ग्रहों की दशा या प्रतिकूल ग्रहों के दोष के निवारण के लिए काले धागे का उपाय करना चाहिए। काले धागे के प्रभाव से इंसान को बुरी नजर भी नहीं लगती है। यदि आप इसे नींबू के साथ आप घर के दरवाजे पर भी बांधेंगे तो इससे घर में बुरी शक्तियां प्रवेश नहीं करेंगी। साथ ही घर के वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। काला धागा बांधने से पहले कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरुरी होता है। तो आइये जानें उनके बारे में।

सबसे पहले काले धागे को मंत्रों से करें सक्रिय

सबसे पहले काला धागा किस उद्देश्य से बांध रहें हैं यह मालूम होना चाहिए। उसे संबंधित मंत्रों से सक्रिय करना चाहिए। उसके बाद ही काले धागे को धारण करना चाहिए। जैसे नीचे दिया गया रुद्र गायत्री मंत्र काले धागे के प्रभाव को और भी बढ़ा देता है। काले धागे को बांधने के पश्चात इस मंत्र का रोजाना पाठ करना चाहिए।

मंत्र - ॐ तत्पुरुषाय विद्महे महादेवाय धीमहि तन्नो रुद्रः प्रचोदयात्॥

शुभ मुहूर्त में बांधे काला धागा

इसे शुभ मुहूर्त जैसे अभिजीत या ब्रह्म मुहूर्त में पहनना चाहिए। इस संबंध में आप किसी ज्योतिषी की मदद भी ले सकते हैं। जिस हाथ या पैर में काला धागा बंधा हो उस हाथ में किसी अन्य रंग का धागा नहीं बांधना चाहिए। क्योंकि यह शुभ नहीं होता है। अगर आप शनि ग्रह की मजबूती के लिए काला धागा बांध रहे हैं तो इसे शनिवार के दिन बांधना अच्छा माना जाता है।