Janmashtami Special : जन्माष्टमी पर 51 किलो चांदी की गाय के दूध से होगा कान्हा का अभिषेक, जानें कहाँ

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी Janmashtami Special का पर्व कृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में पूरे देश में मनाया जाता हैं। इस दिन मंदिरों में भगवान कृष्ण की पूजा और अभिषेक किया जाता हैं। कृष्ण को पानी के साथ दूध का अभिषेक भी किया जाता हैं। इस बार जन्माष्टमी 3 सितम्बर को मनाई जा रही हैं और अभी से इसकी रौनक दिखाई देने लगी हैं, खासकर मथुरा में।

मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर तीन सितंबर को 51 किलो चांदी की गाय 51 किलो दूध से कान्हा का अभिषेक करेगी। इससे पूर्व गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का आह्वान किया जाएगा। जयपुर में बनवाई गई इस कामधेनु गाय में सोने से इन देवताओं के विभिन्न स्वरूप उकेरे गए हैं।

कहते हैं कि गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। इसी को ध्यान में रख दो वर्ष पूर्व श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान ने इस गाय का निर्माण कराया। संस्थान सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि अभिषेक के लिए जन्मस्थान की गोशाला में रह रहीं 150 गायों के दूध का इस्तेमाल किया जाएगा।
इसे चांदी की कामधेनु गाय में भरा जाएगा, जिसकी एक बार की क्षमता करीब 51 किलोग्राम है। यह सेमी ऑटोमेटिक है, जिसका बटन दबाते ही उसके थनों से निकले दूध से स्वत: ही अभिषेक शुरू होगा। बताया कि प्रयास यही है कि अभिषेक में अधिकाधिक गोशाला की सामग्री का प्रयोग किया जा सके।

संस्थान द्वारा एक ट्रक भरकर बीकानेर से देशी घी मंगवाया गया है। 200 टीन इस देशी घी की मात्रा करीब तीन हजार किलो बताई गई है। इसका प्रयोग प्रसाद वितरण के लिए बन रहे लड्डुओं में किया जा रहा है।