वसंत पंचमी 2020 : इस बार बन रहे 2 बड़े शुभ संयोग, जानें कब मनाएं पर्व

वसंत पंचमी को विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता हैं जो कि इस बार मुख्य रूप से 30 जनवरी को मनाई जानी हैं। हांलाकि पंचमी तिथि बुधवार सुबह 10:46 से ही शुरू हो जाएगी जो गुरुवार दोपहर 1:20 तक रहेगी। इस बार पंचमी तिथि पर दो शुभ मुहूर्त सिद्धि व सर्वार्थसिद्धि योग का संयोग बन रहे हैं जिसके चलते यह दिन वाग्दान, विद्यारंभ, यज्ञोपवीत आदि संस्कारों व अन्य शुभ कार्यों के लिए और भी श्रेष्ठ बन जाता है।

वसंत पंचमी इस बार विशेष रूप से श्रेष्ठ है। वर्षों बाद ग्रह और नक्षत्रों की स्थिति इस दिन को और खास बना रही है। इस बार 3 ग्रह खुद की ही राशि में रहेंगे। मंगल वृश्चिक में, बृहस्पति धनु में और शनि मकर राशि में, विवाह और अन्य शुभ कार्यों के लिए ये स्थिति बहुत ही शुभ मानी जाती है।

वसंत पंचमी अबूझ मुहूर्त वाले पर्वों की श्रेणी में शामिल है, लेकिन इस दिन गुरुवार और उतराभाद्रपद नक्षत्र होने से सिद्धि योग बनेगा। इसी दिन सर्वार्थसिद्धि योग भी रहेगा। दोनों योग रहने से वसंत पंचमी की शुभता में और अधिक वृद्धि होगी। वसंत पंचमी को लेकर पंचाग भेद भी है। इसलिए कुछ जगहों पर ये पर्व 29 और कई जगह 30 जनवरी को मनेगा।